इंग्लैंड के खिलाफ भले ही मैच जीत गई हो भारतीय टीम, लेकिन फील्डिंग में कटवाई नाक, 6 कैच छोड़े
साउथहैंपटन, जुलाई 08। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में टीम इंडिया ने 50 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत से भले ही टीम इंडिया उत्साहित हो, लेकिन मैच के दौरान हुई फील्डिंग ने यह साबित कर दिया कि यह डिपार्टमेंट भारत के लिए अभी भी चुनौती बना हुआ है। भारतीय टीम की लचर फील्डिंग का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने ब्रिटिश बल्लेबाजों के 6 आसान कैच छोड़ दिए। सबसे ज्यादा कैच विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने छोड़े।

फायदा नहीं उठा पाई इंग्लैंड की टीम
आपको बता दें कि इंग्लैंड की पारी के दौरान अगर भारतीय बल्लेबाज यह 6 कैच पकड़ लेते तो मैच को और भी बड़े अंतर से जीता जा सकता था। वहीं दूसरी तरफ अगर इंग्लैंड की टीम इन मौकों को भुना लेती तो टीम इंडिया की हार के लिए फील्डिंग सबसे अधिक जिम्मेदार होती। भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को मैच में वापसी के मौके तो कई बार दिए थे, लेकिन विपक्षी टीम इन मौकों का फायदा नहीं उठा पाई।

इन खिलाड़ियों ने छोड़े कैच
साउथहैंपटन के मैदान पर टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को 199 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम 20वें ओवर में 148 पर सिमट गई। इंग्लैंड की पारी आखिरी ओवर तक इसलिए खींच गई, क्योंकि भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को 6 जीवनदान दिए थे। कैच छोड़ने के मामले में दिनेश कार्तिक सबसे आगे रहे। कार्तिक ने 3 कैच छोड़े, जबकि उनकी विकेटकीपिंग भी कुछ खास नहीं रही। कार्तिक के अलावा सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा और युजी चहल ने भी 1-1 कैच छोड़ा।
Recommended Video

टी20 सीरीज में भारत को मिली 1-0 की बढ़त
साउथहैंपटन में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को 199 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत की ओर से ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने सबसे अधिक 51 रनों की पारी खेली थी, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 39 और दीपक हुड्डा ने 33 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम 19.3 ओवर में 148 रनों पर सिमट गई थी। हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी में भी 4 विकेट हासिल किए।












Click it and Unblock the Notifications