वर्ल्ड कप के बीच में इस भारतीय खिलाड़ी ने लिया संन्यास, कम उम्र में रिटायरमेंट का चौंकाने वाला फैसला
Gurkeerat Singh retires: भारतीय टीम इस समय वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। लीग चरण का एक ही मैच अब बचा है। इस बीच एक भारतीय क्रिकेटर ने खेल को अलविदा कहने का फैसला ले लिया। लम्बे समय से घरेलू क्रिकेट से भी दूर रहने वाले इस खिलाड़ी ने संन्यास की घोषणा कर दी है।
टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन मुकाबले खेलने वाले इस खिलाड़ी का नाम गुरकीरत सिंह मान है। उन्होंने सभी तरह के क्रिकेट को अब अलविदा कह दिया है। गुरकीरत सिंह लम्बे समय से पंजाब की टीम से भी बाहर चल रहे थे। अभी उनकी उम्र महज 33 साल है।

साल 2016 में जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, उस समय गुरकीरत टीम के साथ थे। वह टीम इंडिया के लिए तीन वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान वह सफल नहीं हो पाए। गुरकीरत ने इन वनडे मैचों में महज 13 रन बनाए। इसके बाद वह टीम इंडिया में फिर कभी नहीं आए।
गुरकीरत ने संन्यास के मौके पर कहा कि मेरा दिल परिवार, दोस्तों, कोचों और साथी खिलाड़ियों के लिए आभार से भरा हुआ है। आपमें से हर व्यक्ति ने मेरे करियर में अहम भूमिका निभाई है। इस सफर में मिले प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के लिए मैं बीसीसीआई का भी आभार व्यक्त करता हूं।
गौरतलब है कि गुरकीरत साल 2015-16 के दौरान घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म से गुजर रहे थे। वह दोहरा शतक जड़ने में सफल रहे थे। इसके बाद वह टीम इंडिया में खेलने के लिए चुने गए थे। इंटरनेशनल क्रिकेट में वह सफल नहीं रहे। आईपीएल में वह पंजाब किंग्स, दिल्ली और आरसीबी के लिए खेले थे।












Click it and Unblock the Notifications