'वेस्टइंडीज के खिलाफ हीरो, पर फाइनल में जीरो', शतक जड़ने के बावजूद बुरी तरह ट्रोल हुए रोहित शर्मा
India Vs West Indies, Rohit Sharma century: वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में रोहित शर्मा ने शतक जमाया। रोहित शर्मा का यह टेस्ट क्रिकेट करियर का 10वां शतक रहा। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर रोहित शर्मा ने भारत को एक मजबूत शुरुआत दिलाने का काम किया।
51वें टेस्ट में 10वां शतक: रोहित शर्मा ने अपने 51वें टेस्ट मैच में 10वां शतक लगाया है। हालांकि, शतक लगाने के साथ ही वह पवेलियन भी लौट गए। वह अपनी इस पारी को ज्यादा बड़ा नहीं बना सके। आउट होने से पहले रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल के साथ 229 रनों की रिकॉर्ड तोड़ साझेदारी कर भारत को मैच में काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

खेली 103 रनों की पारी: रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी में 103 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। साल 2023 में रोहित शर्मा के बल्ले से यह दूसरा टेस्ट शतक निकला है। इससे पहले बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट में रोहित शर्मा ने शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था।
सोशल मीडिया पर ट्रोल: शतक लगाने के बावजूद कप्तान रोहित शर्मा को सोशल मीडिया पर ट्रोल झेलना पड़ा रहा है। कुछ फैंस रोहित शर्मा पर निशाना साधने का काम कर रहे हैं। फैंस के मुताबिक रोहित शर्मा बस छोटी टीमों के खिलाफ ही बड़े स्कोर बनाते हैं। श्रीलंका और वेस्टइंडीज जैसी टीमों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
फाइनल में डब्बा गोल: भारत को हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। रोहित इस मुकाबले में अर्धशतक भी नहीं लगा पाए थे। ऐसे में फैंस रोहित शर्मा को छोटी टीम के खिलाफ रन बनाने वाले बल्लेबाज बता रहे हैं। बड़ी टीमों के खिलाफ या बड़े मौकों पर रोहित शर्मा अक्सर बड़ा स्कोर बनाने से चूक जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications