IND vs SL: 5 साल में पहली बार गिरी कोहली की बैटिंग औसत, लगातार दूसरी पारी में विकेट के सामने फंसे
नई दिल्ली। दिसंबर 2016 में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े के मैदान पर खेले गये टेस्ट मैच में 235 रनों की पारी खेली थी और टेस्ट क्रिकेट में 50 की औसत को हासिल कर लिया था। विराट कोहली के लिये यह उपलब्धि उनके 52वें टेस्ट मैच में तब देखने को मिली जब वो करियर के एक छोटे से संघर्षपूर्ण जीवन से बाहर निकल कर आये थे। इसके बाद से वो लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे और अपनी औसत को बढ़ाते ही नजर आये। हालांकि नवंबर 2019 के बाद से उनकी यह औसत घटती नजर आयी और अगले 5 साल के अंदर खेले गये 49 टेस्ट में उन्होंने करियर की सबसे निचली औसत का सामना किया है।

बेंगलुरू के चिन्नास्वामी मैदान पर खेले गये टेस्ट मैच में रविवार को जब विराट कोहली दूसरी पारी में भी विकेट के आगे फंसकर वापस पवेलियन लौटे तो उनकी बल्लेबाजी का औसत 50 से नीचे आ गया है। उल्लेखनीय है कि विराट कोहली ने आखिरी बार बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये पहले डे नाइट टेस्ट मैच में शतक लगाने का काम किया था, जिसके बाद से ही उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं आ सकी है।

5 साल में पहली बार घटी कोहली की औसत
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के साथ माना जा रहा था कि विराट कोहली लगातार चले आ रहे शतक के सूखे को घरेलू सीजन में खत्म कर सकते हैं, हालांकि अब 72 अंतर्राष्ट्रीय पारियां बीत चुकी हैं और उनके बल्ले से शतक नहीं आ सका है। विराट कोहली सीरीज के आखिरी मैच की पहली पारी में 23 रन तो वहीं पर दूसरी पारी में 13 रन बनाकर वापस लौट गये जिसके बाद से उनकी बल्लेबाजी का औसत घटकर 49.95 हो गया है। विराट कोहली को अपने टेस्ट करियर की औसत को 50 बरकरार रखने के लिये 43 रन की दरकार थी लेकिन वो 7 रन से रह गये।

श्रीलंका के सामने बनाया करियर का न्यूनतम स्कोर
गौरतलब है कि विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज में 81 रन बना सके हैं, जिसमें 3 पारियां खेलने के चलते उनके रन बनाने का औसत 27 रन का रहा है। विराट कोहली के लिये घरेलू सीरीज में उनकी ओर से बनाया गया तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2016-17 की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की पांच पारियों में 46 की औसत से रन बनाये थे तो वहीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013/14 सीरीज की 2 पारियों में 30 की औसत से सिर्फ 60 रन बनाये थे। इस सीरीज में विराट कोहली की ओर से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बनाया गया सबसे न्यूनतम स्कोर है।

ऐसे मुश्किल दौर से बाहर निकल सकते हैं कोहली
आपको बता दें कि सीरीज के आखिरी मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने कोहली को बल्लेबाजी के मुश्किल दौर से बाहर निकलने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा,'आप इस समय अपने आप से बात कीजिये और उन सभी शॉटस को खत्म करने की कोशिश कीजिये जिस पर आप आउट हो रहे हैं। आप खुद से बात करने की कोशिश कीजिये और तय कीजिये कि जितना ज्यादा होगा मैं बल्ले के फुल फेस का इस्तेमाल कर खेलने की कोशिश करूंगा और अगर वो ऐसा करते हैं तो इस संघर्ष भरे दौर से बाहर निकल सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications