IND vs SL: आखिरी T20 में सैमसन करेंगे ओपन तो आवेश को भी मिलेगा मौका, जानें कैसी हो सकती है प्लेइंग 11
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच धर्मशाला के मैदान पर ही खेला जाना है, जहां पर खेले गये दूसरे मैच में भारतीय टीम ने 184 रनों का पीछा करते हुए सिर्फ 3 विकेट खोये और 17.1 ओवर्स में ही जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में अजेय बढ़त बना ली और घरेलू सरजमीं पर लगातार 7वीं बार टी20 सीरीज में विपक्षी टीम को हराने का काम किया है। ऐसे में भारतीय टीम सीरीज के आखिरी मैच में जीत हासिल कर लगातार चौथी सीरीज में क्लीन स्वीप करने का कारनामा करना चाहेगी।

भारतीय टीम की नजर जहां लगातार तीसरी टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी तो वहीं पर रोहित शर्मा और टीम मैनेजमेंट की नजर आखिरी मैच में कुछ बदलाव करने पर भी होगी। भारतीय टीम मैनेजमेंट ऑस्ट्रेलिया में इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के लिहाज से लगातार कुछ नये खिलाड़ियों को मौका दे रहा है और श्रीलंका के खिलाफ अजेय बढ़त हासिल करने के बाद उन्हें ट्रॉय करना ज्यादा आसान हो गया है।
और पढ़ें: आकाश चोपड़ा बोले- IPL 2022 के नये फॉर्मेट से खुश नहीं होगी मुंबई इंडियंस, 'ग्रुप ऑफ डेथ' है ए ग्रुप

ईशान किशन की चोट के चलते मयंक को मिल सकता है मौका
रोहित शर्मा की कप्तानी संभालने के बाद भारतीय टीम अब तक एक भी टी20 मैच नहीं हारा है तो वहीं पर टीम कॉम्बिनेशन की बात करें तो वो अब तक 27 बदलाव कर चुके हैं। भारतीय टीम के लिये इस सीरीज में सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, केएल राहुल और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद उसे जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई है। वहीं पर कलाई की चोट के चलते सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ भी सीरीज से बाहर हो चुुके हैं, तो वहीं पर दूसरे मैच में लहिरु कुमारा की बाउंसर पर ईशान किशन भी चोटिल हुए, जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
ईशान किशन फिलहाल ठीक हैं और अस्पताल से वापस लौट आये हैं, लेकिन यह कहना गलत नहीं होगा कि श्रीलंका के खिलाफ खेले जाने वाले सीरीज के आखिरी मैच में उनका खेलना लगभग नामुमकिन है। ऐसे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा जो पहले कुछ बदलाव अपनी पसंद से करने वाले थे, अब उन्हें कुछ जबरदस्ती बदलाव भी करने पड़े सकते हैं।

सैमसन कर सकते हैं पारी का आगाज
पहले दो मैचों में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले श्रेयस अय्यर का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि टीम मैनेजमेंट उनकी लय को बरकरार रखना चाहता है। वहीं पर दूसरे मैच में लंबे समय बाद खेलते नजर आये संजू सैमसन को भी मौका दिया जा सकता है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को पारी का आगाज करने के लिये भेज सकता है, वहीं पर ईशान किशन की गैर मौजूदगी में मयंक अग्रवाल को मौका दिया जा सकता है।

आवेश, सिराज, बिश्नोई की भी हो सकती है वापसी
वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना डेब्यू करने वाले आवेश खान की भी इस मैच में वापसी हो सकती है और बुमराह को आराम देकर उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है। बुमराह को टेस्ट सीरीज भी खेलनी है तो ऐसे में भुवनेश्वर के बजाय रोहित बुमराह को आराम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा टीम मैनेजमेंट युजवेंद्र चहल का आराम देकर कुलदीप यादव या फिर रवि बिश्नोई को मौका दे सकता है।
ऐसी हो सकती है भारतीय टीम की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा (कप्तान), संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, मयंक अग्रवाल, रविंद्र जडेजा, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, हर्षल पटेल, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार / मोहम्मद सिराज, रवि बिश्नोई।












Click it and Unblock the Notifications