आकाश चोपड़ा बोले- IPL 2022 के नये फॉर्मेट से खुश नहीं होगी मुंबई इंडियंस, 'ग्रुप ऑफ डेथ' है ए ग्रुप
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर और महंगी फ्रैंचाइजी आधारित टी20 लीग आईपीएल में इस बार काफी कुछ नया देखने को मिलने वाला है, जहां पर फैन्स को 8 के बजाय 10 टीमों के बीच जंग देखने को मिलेगी तो वहीं पर टूर्नामेंट में 74 मैच खेले जायेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन सिर्फ पहले से बड़ा ही नहीं होने वाला है बल्कि पहले से बेहतर भी होने वाला है। शुक्रवार को आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल ने टूर्नामेंट के नये प्रारूप का ऐलान किया है, जिसके अनुसार 10 टीमों को दो वर्चुअल ग्रुप में बांटा गया है जो कि महाराष्ट्र में खेले जाने वाले 70 मैचों का हिस्सा बनेंगी।

नये प्रारूप के अनुसार 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजाएंटस के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के अनुसार दोनों ग्रुप में से ग्रुप ए काफी मुश्किल रहने वाला है और इस बंटवारे से अगर कोई टीम सबसे ज्यादा नाखुश रहने वाली है तो वो है मुंबई इंडियंस की टीम।

मुंबई इंडियंस की टीम को है सबसे ज्यादा नुकसान
नये नियमों के अनुसार हर टीम को अपने ग्रुप में शामिल टीम के साथ दो मैच खेलने हैं, जबकि दूसरे ग्रुप में उसी की रैंकिंग पर काबिज टीम के साथ 2 और बाकी 4 टीमों से एक-एक मैच खेलने हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस को अपने ग्रुप के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 2 मैच खेलने होंगे, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स और गुजरात जाएंटस के खिलाफ एक ही बार मैच खेलेगी। अपने यूट्यूब चैनल पर आईपीएल के नये प्रारूप पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि मुंबई इंडियंस की टीम कठिन टीमों के खिलाफ दो मैच खेलेगी जबकि कमजोर टीमों के खिलाफ एक ही बार खेलने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा,'मुंबई को कोलकाता, राजस्थान, दिल्ली, लखनऊ और चेन्नई के खिलाफ दो-दो बार खेलना होगा, जो कि मौजूदा समय की सबसे कठिन टीमों में से एक हैं, वहीं पर सनराइजर्स हैदराबाद, आरसीबी, पंजाब और गुजरात जैसी कमजोर टीम के खिलाफ एक ही बार खेलेगी। मुझे लगता है कि वो इस चीज से खुश नहीं होंगे। हैदराबाद की तरफ देखें तो वो ग्रुप ए से कोलकाता के खिलाफ दो बार खेलेंगे, जबकि मुंबई, दिल्ली, राजस्थान और लखनऊ से सिर्फ एक ही बार भिड़ेंगे। तो ऐसे में वो कठिन टीमों के खिलाफ एक ही बार मैच खेलेंगे, ऐसे में उनके लिये जीत-हार ज्यादा मायने नहीं रखेगी। ग्रुप ए काफी मुश्किल रहने वाला है।'

विश्वकप से भी बेहतर है यह प्रारूप
आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 2022 के नये प्रारूप की तारीफ करते हुए कहा कि उनके हिसाब से यह प्रारूप आईसीसी के विश्वकप टूर्नामेंट से भी बेहतर है, जिसमें हर बार टॉप टीमें नॉकआउट राउंड तक आसानी से पहुंच जाती हैं, लेकिन यहां पर टॉप टीमों को नॉकआउट में पहुंचने के लिये अपना वर्चस्व साबित करना होगा।
उन्होंने कहा,'इस प्रारूप की सबसे खास बात यह है कि इसमें ऐसा नहीं होगा कि दोनों ग्रुप में टॉप 2 पर काबिज रहने वाली टीम प्लेऑफ में पहुंच जायेगी, बल्कि सभी टीमों को 14 मैच खेलने हैं और उसमें से जो 4 टीमें अंकतालिका में टॉप 4 पर काबिज रहेंगी उन्हें ही आगे जाने का मौका मिलेगा क्योंकि हर टीम को लगभग एक बार सभी टीमों से मैच खेलना है। ऐसे में मजबूत टीमों को ज्यादा मेहनत करनी होगी, जबकि कमजोर टीमों के पास बराबरी का मौका रहेगा। यही वजह है कि मुझे यह फॉर्मेट विश्वकप में इस्तेमाल होने वाले प्रारूप से बेहतर लगा है, हालांकि यह फॉर्मेट अब भी आदर्श नहीं है।'

कमजोर टीमों के पास भी है खिताब जीतने का मौका
गौरतलब है कि गवर्निंग काउंसिल ने नये प्रारूप में ग्रुप का बंटवारा टीमों के खिताब जीतने और फाइनल में जगह बनाने के आधार पर किया है, जिसके चलते एक ग्रुप में ज्यादा मजबूत टीमें पहुंच गई हैं, तो वहीं दूसरे ग्रुप में कुछ कमजोर टीमें। वहीं नये नियमों ने इस साल शामिल हुई दो नयी टीमों को भी खिताब जीतने का उतना मौका दिया है, जितना की मजबूत टीमों के पास होता है। आपको बता दें कि आईपीएल 2022 का आगाज 26 मार्च से किया जाना है, जिसके लीग स्टेज के 70 मैचों का आयोजन महाराष्ट्र के 4 स्टेडियम में किये जायेंगे। इसके लिये 3 स्टेडियम मुंबई और एक स्टेडियम पुणे से आरक्षित रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications