IND vs SL: 99% मैच जीत चुकी थी टीम इंडिया फिर ऐसा क्या हुआ? बुरी तरह ट्रोल हुए अर्शदीप सिंह
India vs Sri Lanka 1st ODI Match: भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे मैच नाटकीय ढंग से बराबरी पर समाप्त हुआ। 2 अगस्त को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में 231 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम सिर्फ़ एक रन से पिछड़ गई और 230 रनों पर ऑल आउट हो गई। श्रीलंकाई कप्तान चरित असलंका ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच टाई पर समाप्त किया।
अर्शदीप सिंह हुए ट्रोल
मैच टाई होने के बाद अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। दरअसल, भारत को जीत के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत थी और 14 गेंद बची हुई थी। अर्शदीप सिंह आसानी से सिंगल लेकर मुकाबले को जीत सकते थे। लेकिन वह शॉट लगाने के प्रयास में एलबीडब्ल्यू आउट हो गए और भारत मैच जीतने में नाकाम रहा। इसके बाद से ही अर्शदीप सिंह को फैंस ट्रोल कर रहे हैं।

श्रीलंकाई स्पिनरों ने किया कमाल
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने आठ विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए। युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालागे ने 67 रनों की शानदार पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई। ओपनर पथुम निसांका ने भी 56 रनों की पारी खेलकर अहम योगदान दिया। निचले क्रम के बल्लेबाज वानिंदु हसरंगा ने 24 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में मदद की।
टाई हो गया मैच
भारत के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए। टी20 विश्व कप जीतकर लौटे कप्तान रोहित शर्मा ने महज 33 गेंदों में अर्धशतक जड़कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि, दुनिथ वेलालागे की शानदार गेंदबाजी ने जल्द ही खेल का रुख बदल दिया। उन्होंने शुभमन गिल और रोहित शर्मा को जल्दी आउट कर भारत पर दबाव बना दिया।
99% मैच जीत चुकी थी टीम इंडिया
केएल राहुल और अक्षर पटेल ने 57 रन की साझेदारी करके भारत की जीत की उम्मीद जगाई। लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं टिकी क्योंकि हसरंगा और असलंका ने विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया। इसके बाद शिवम दुबे ने अपनी दमदार बल्लेबाजी से भारत को जीत के करीब पहुंचाया। 15 गेंदों पर सिर्फ़ एक रन की ज़रूरत थी और दो विकेट बचे थे, ऐसा लग रहा था कि भारत जीत हासिल कर लेगा। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।












Click it and Unblock the Notifications