IND vs SA: रोहित शर्मा को चुकानी पड़ी आक्रामकता की कीमत, T20I में नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
इंदौर, 5 अक्टूबर। India vs South Africa: भारत ने साउथ अफ्रीका के साथ तीसरे T20 मुकाबले में खेलने के बाद तीन मैचों की T20 सीरीज का समापन 2-1 से कर दिया है। हालांकि तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 49 रनों से मात दी क्योंकि उन्होंने पहले बैटिंग करते हुए रिले रॉसौव के जबरदस्त शतक के दम पर 20 ओवर में 3 विकेट पर 227 रन बनाए थे जिसके जवाब में भारतीय टीम 18.3 ओवर में 178 रन ही बना सकी।

रोहित शर्मा केवल 2 गेंद खेलकर बिना खाता खोले आउट
रॉसौव ने 48 गेंद पर नॉटआउट 100 रनों की पारी खेली। इसके जवाब में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा केवल 2 गेंद खेलकर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। रोहित का फॉर्म आता-जाता रहा है और T20 वर्ल्ड कप में टीम को उनसे थोड़ी और कंसिस्टेंसी की उम्मीद है। यह T20 इंटरनेशनल में 43वीं बार था जब रोहित ने दहाई के अंक से कम स्कोर बनाया यानी कि वह सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हुए। और यह T20 इंटरनेशनल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे ज्यादा बार सिंगल डिजिट स्कोर है।

अनचाहा रिकॉर्ड
जी हां रोहित शर्मा के नाम यही एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया है क्योंकि इससे पहले यह रिकॉर्ड आयरलैंड के केविन ओ ब्रायन के नाम था जो 42 बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए थे । बांग्लादेश के मुश्फिकर रहीम 40 बार ऐसा कर चुके हैं। मोहम्मद नबी ने 39 बार ऐसा किया है और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी 37 बार ऐसे आउट हो चुके हैं। इस लिस्ट को देखने के बाद आप पाएंगे कि ये सभी बल्लेबाज आक्रामक रहे हैं और शॉट खेलने के चलते जल्द आउट भी हो जाते हैं।

तीसरा टी-20 मुकाबला प्रयोग के नाम
वैसे भारत साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में प्रयोग करने के नजरिया से उतरा था क्योंकि ओपनिंग में ऋषभ पंत आए थे और नंबर तीन पर श्रेयस अय्यर को जगह दी गई थी। दिनेश कार्तिक भी नंबर चार पर आए थे जबकि सूर्यकुमार यादव नंबर पांच पर खेले थे। दिनेश कार्तिक का बल्ला ही कुछ योगदान कर सका क्योंकि टीम इंडिया का टॉप और मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फेल साबित हुआ। ऋषभ पंत ने 14 गेंदों पर 27 रन बनाए थे लेकिन अय्यर व सूर्यकुमार यादव क्रमशः से 1 और 8 रन ही बना सके। अक्षर पटेल ने 9 रनों का योगदान दिया।
दीपक चाहर ने निचले क्रम पर 17 गेंद पर 31 रनों की पारी खेली है। गेंदबाज उमेश यादव 17 गेंद पर 20 रन बनाकर नॉट आउट रहे। दीपक चाहर ने जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अपनी बैटिंग से अपना दावा मजबूत किया है और वह भारतीय टीम के पास T20 वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी के साथ स्टैंडबाय बॉलर के तौर पर मौजूद हैं।

अब तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू
साउथ अफ्रीका की बात की जाए तो टीम इंडिया ने तीन मैचों की T20 सीरीज का समापन तो कर लिया है लेकिन अब कल से ही तीन मैचों की वनडे सीरीज भी शुरू हो रही है जिसका पहला मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह श्रंखला 11 अक्टूबर तक चलेगी। संजू सैमसन की सीरीज में वापसी हो रही है तो वही दूसरे विकेटकीपर के तौर पर इशान किशन मौजूद होंगे। T20 वर्ल्ड कप जाने वाले बड़े बल्लेबाजों को इस सीरीज में आप नहीं देख पाएंगे क्योंकि शिखर धवन श्रंखला के कप्तान हैं उनके साथ ओपनिंग शुबमन गिल करेंगे। श्रेयस अय्यर नंबर 3 पर आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications