'जब मुझे भारतीय टीम में जगह मिली तो वो मेरे पास थे', उमरान ने बताया सेलेक्शन पर क्या बोले थे डेल स्टेन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग ने अपने पहले संस्करण के साथ ही भारतीय क्रिकेट को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिये हैं, हालांकि 15वें सीजन में एक अलग ही नजारा देखने को मिला है जहां पर एक दो नहीं बल्कि दर्जन भर से ज्यादा युवा प्रतिभाशाली अनकैप्ड खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे। इन युवा खिलाड़ियों में कुछ ऐसे भी प्रतिभाशाली स्टार भी हुए जिन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं को उन्हें भारतीय टीम में जगह देने पर मजबूर कर दिया, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के लिये खेलने वाले उमरान मलिक का नाम भी शामिल है।

उमरान मलिक ने आईपीएल के 15वें सीजन में लगातार 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की गेंदबाजी करते हुए कुल 22 विकेट अपने नाम किये और पर्पल कैप की रेस में शामिल खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर रहे। आईपीएल में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते ही उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 जून से शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम में जगह दी गई है।
और पढ़ें: जनवरी 2023 से खेली जायेगी एक और टी20 लीग, 6 टीमों के टूर्नामेंट में 4 भारतीय

आईपीएल से पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी
इस तेज गेंदबाज ने सोमवार (6 जून) से भारतीय टीम के साथ अपना पहला अभ्यास भी शुरू कर दिया है, जिसके बीच में बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उमरान मलिक भारतीय टीम में चुने जाने के अपने सपने के पूरा होने के अनुभव को बता रहे हैं। मलिक ने बताया कि जब आईपीएल के दौरान उन्हें भारतीय टीम में चुने जाने का पता चला तो उस वक्त गेंदबाजी कोच डेल स्टेन भी साथ ही थे, जिन्होंने मुझे आईपीएल के इस सीजन के आगाज से पहले ही कहा था कि मुझे भारतीय टीम में जल्द ही जगह मिल जायेगी।

सेलेक्शन पर क्या बोले डेल स्टेन
उमरान मलिक ने खुलासा किया है कि साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज और हैदराबाद के गेंदबाजी कोच डेल स्टेन ने आईपीएल शुरू होने से पहले ही उनके सेलेक्ट होने की भविष्यवाणी कर दी थी।
उन्होंने कहा,'जब मेरा भारतीय टीम में चयन हुआ तब डेल सर (स्टेन) मेरे साथ टीम बस में ही थे। हम उस दिन मैच खेलने जा रहे थे और सभी ने मुझे आकर बधाई दी। डेल सर भी मेरे पास आये और कहा कि मैंने तुम्हें आईपीएल शुरू होने से पहले ही बता दिया था कि तुम्हें इस सीजन के बाद भारतीय टीम से बुलावा जरूर आयेगा और भगवान का शुक्र है कि बिल्कुल वही हुआ। मेरा अब यही उद्देश्य है कि मैं भारतीय टीम के लिये अपना बेस्ट प्रदर्शन कर सकूं।'
कोच द्रविड़ से कैसी रही पहली मुलाकात
इस दौरान उमरान मलिक ने भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में भी बताया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 9 जून को खेलना है।
उन्होंने कहा,'मैं राहुल सर से मिलकर और उनसे बात कर काफी खुश हुआ। वो इस खेल के लेजेंड हैं। उन्होंने मुझे यही कहा कि आप जो अब तक करते आये हो उसे ही जारी रखना है। पारस सर भी मेरे पीछे खड़े थे और हर गेंद के बाद वो मुझे गाइड कर रहे थे। इससे मुझे काफी विश्वास मिल रहा था।'












Click it and Unblock the Notifications