IND vs SA: टी-20 में टारगेट को डिफेंड क्यों नहीं कर पा रहे हैं भारतीय गेंदबाज, कोच राठौड़ ने बताई वजह
भारतीय टीम का प्रदर्शन स्कोर को डिफेंड करते हुए बेहद निराशाजनक रहा है। एशिया कप में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भारतीय गेंदबाज लक्ष्य बचाने में नाकाम रहे थे।
नई दिल्ली, 27 सितंबर। भारतीय टीम का प्रदर्शन स्कोर को डिफेंड करते हुए बेहद निराशाजनक रहा है। एशिया कप में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ भारतीय गेंदबाज लक्ष्य बचाने में नाकाम रहे थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 मैच में 208 रन बनाकर भी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। डेथ गेंदबाजी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आई है, अब इस पर बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने अपना बयान दिया है।

‘ओस’ की वजह से लक्ष्य बचाना हुआ मुश्किल
तिरुवनंतपुरम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए विक्रम राठौड़ ने कहा कि ओस की वजह से टीम के गेंदबाज प्लान के मुताबिक गेंदबाजी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि हर बार जब हम लक्ष्य का बचाव करने के लिए जाते हैं तो ऐसी जगहें होते हैं जहां ओस होती है। ओस की वजह से बल्लेबाजों के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है।

गेंदबाजों पर जताया भरोसा
बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने टीम के गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि वह मैच को अंत तक लेकर गए हैं। हम भले ही जीत हासिल नहीं कर पाए हों, लेकिन गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय गेंदबाजी में सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे गेंदबाज इस पर मेहनत कर रहे हैं।

टॉस ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
टी-20 फॉर्मेट में टॉस का रोल काफी अहम हो जाता है। क्योंकि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम पर कुछ रन अतरिक्त बनाने का दबाव रहता है। राठौड़ ने कहा कि मुझे लगता है कि पहले बल्लेबाजी करना पिछले टी20 विश्व कप के दौरान चिंताओं में से एक था लेकिन तब से जब भी हमने पहले बल्लेबाजी की तो प्रतिस्पर्धी स्कोर या इससे बेहतर स्कोर बनाया है।

भुवनेश्वर कुमार रन बचाने में रहे हैं फ्लॉप
बता दें कि एशिया कप से लेकर ऑस्ट्रेलिया सीरीज तक भुवनेश्वर कुमार ने अंत के ओवरों में खूब रन दिए हैं। टीम के सीनियर पेसर से इस तरह की गेंदबाजी की उम्मीद शायद ही किसी फैंस को रही होगी। भुवनेश्वर कुमार ने बार-बार 15 से अधिक की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं, जबकि हर्षल पटेल भी चोट से वापस आने के बाद कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं।












Click it and Unblock the Notifications