IND vs SA: वनडे करियर में पहली बार स्पिनर ने कोहली को डक पर किया आउट, नाम हुए कई शर्मनाक रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच पार्ल के बोलैंड पार्क पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। सीरीज का पहला मैच भी इसी मैदान पर खेला गया था जिसमें भारतीय टीम रनों का पीछा करते हुए लक्ष्य से 31 रन दूर रह गयी थी और साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में जहां भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज में वापसी करना चाहती है तो वहीं पर साउथ अफ्रीका की टीम लगातार दूसरे मैच में जीत हासिल कर वनडे सीरीज को अपने नाम करना चाहेगी। साउथ अफ्रीका की टीम ने टेस्ट सीरीज में भारत को 2-1 से हराया था, ऐसे में भारतीय टीम वनडे सीरीज को अपने नाम कर सम्मानजनक तरीके से वापसी करना चाहेगी।
और पढ़ें: लेजेंडस लीग क्रिकेट के ओपनिंग मैच में बजा पठान ब्रदर्स का डंका, एशिया लॉयन्स को हराया
हालांकि वनडे सीरीज के दूसरे मैच में भारत को वो शुरुआत नहीं मिल सकी जिसकी वो उम्मीद कर रही थी। पिछले मैच में 79 रनों की पारी खेलने वाले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (29) ने इस मैच में भी केएल राहुल के साथ जबरदस्त शुरुआत की और पहले विकेट के लिये 63 रनों की साझेदारी कर डाली। साउथ अफ्रीका के लिये एडेन मार्करम ने 12वें ओवर में धवन को मंगला के हाथों कैच कराकर भारतीय टीम को पहला झटका दिया।
और पढ़ें: लेजेंड लीग क्रिकेट के पहले मैच में छाये इरफान पठान, पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पिलाया पानी

वनडे में पहली बार स्पिनर का शिकार हुए विराट कोहली
धवन के वापस पवेलियन लौटने के बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली मैदान पर उतरे जिन्होंने पिछले ही मैच में 51 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। ऐसे में फैन्स को उम्मीद थी कि 64 पारियों से कोहली के 71वें अंतर्राष्ट्रीय शतक का इंतजार शायद इस मैच में खत्म हो सके। हालांकि ऐसा हो नहीं सका। पहली 4 गेंदों पर कोहली खाता नहीं खोल सके और 5वीं गेंद पर बावुमा को कैच थमाकर वापस पवेलियन लौटे। इसके साथ ही विराट कोहली अपने वनडे करियर में पहली बार किसी स्पिनर के खिलाफ बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे हैं। विराट कोहली के अंतर्राष्ट्रीय करियर की बात करें तो वो 31वीं बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।
विराट कोहली के बल्ले से निकली पिछली 15 पारियों की बात करें तो उन्होंने 85, 16, 78, 89,51, 15, 9,21,89, 63, 56, 66, 7, 51 और 0 की पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 9 बार अर्धशतकीय पारियां खेली हैं और सिर्फ एक बार ही खाता खोल पाने में नाकाम हुए हैं।

इस मामले में की सहवाग की बराबरी
विराट कोहली अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 14 बार टेस्ट और 14 बार वनडे में बिना खाता खोले लौटे हैं तो वहीं पर 3 बार टी20 प्रारूप में डक पर आउट हुए हैं। इसके साथ ही विराट कोहली ने भारतीय टीम के लिये 1-7 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा बार आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में वीरेंदर सहवाग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं। इस फेहरिस्त में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर काबिज है जो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 34 बार बिना खाता खोले वापस लौटे थे। वहीं इस फेहरिस्त में विराट कोहली (31*), वीरेंदर सहवाग (31), सौरव गांगुली (29) और युवराज सिंह (26) का नाम भी शामिल है।

पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा बार हुए हैं डक पर आउट
गौरतलब है कि विराट कोहली पिछले एक दशक में 1-8 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डक पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये हैं। जनवरी 2011 से अब तक विराट कोहली 28वीं बार डक का शिकार हुए हैं और पाकिस्तान के मोहम्मद हाफिज के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज हो गये हैं। इस फेहरिस्त में इंग्लैंड के मोइन अली (27), जोस बटलर (26), जॉनी बेयरस्टो) और श्रीलंका के कुशल मेंडिंस (24) का नाम शामिल है। वहीं 2017 से भारतीय टॉप ऑर्डर में सबसे ज्यादा बार डक आउट होने के मामले में कोहली सबसे ऊपर पहुंच गये हैं। इस फेहरिस्त में विराट कोहली (17 बार), केएल राहुल (11 बार) और चेतेश्वर पुजारा (11 बार) का नाम शामिल है।
आपको बता दें कि 2019 के बाद से विराट कोहली की बल्लेबाजी में खासा गिरावट देखने को मिली है और इसका असर उनके डक पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में भी नजर आता है। 2019 के बाद से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले टॉप ऑर्डर के 4 बल्लेबाजों की बात करें तो जॉनी बेयरस्टो (11 बार), कुशल मेंडिस (11 बार), विराट कोहली (9 बार) और एरॉन फिंच (8 बार) का नाम आता है।












Click it and Unblock the Notifications