Ind vs Pak मैच को लेकर अहमदाबाद की सुरक्षा क्यों बनी चुनौती? पाकिस्तान तो यहां नहीं खेलना चाहता था क्रिकेट
India vs Pakistan World Cup 2023 Ahmedabad security: गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी क्रिकेट विश्व कप शनिवार 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के वर्ल्ड कप मैच को लेकर अहमदाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच से पहले किसी भी खतरे या असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अहमदाबाद की पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखी रही है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास ड्रोन तैनात किए गए हैं। एचडी कैमरे से लैस ड्रोन 12 घंटे तक और 120 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भर सकते है। वे स्टेडियम के चारों ओर 5 किलोमीटर के क्षेत्र को कवर कर करेंगे। इसका इस्तेमाल असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए किया जाएगा। पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

अहमदाबाद की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती
अब यहां सवाल ये उठता है कि आखिर भारत पाकिस्तान मैच को लेकर अहमदाबाद की सुरक्षा इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती क्यों बनी हुई है। इसके पीछे का एक और सबसे बड़ा कारण तो आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत-पाकिस्तान का मैच होना ही है...क्योंकि दोनों देशों के फैंस भारत-पाक मैच को लेकर सबसे ज्याजा उत्साहित रहते हैं। भारत-पाक मैच में कई बार फैंस को स्टेडियम में आपस में लड़ाई करते या हाथापाई करते देखा गया है। फैंस को संभालना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
वहीं भारत-पाकिस्तान विश्व कप मैच पर वैश्विक नजरें विरोधाभासों के शहर अहमदाबाद पर टिकी हैं। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अहमदाबाद संयुक्त पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने कहा है कि, '1.5 करोड़ आबादी वाले इस शहर में 75 सांप्रदायिक इलाके हैं। अभी कुछ समय से हमारे पास वरिष्ठ अधिकारी प्रभारी हैं, हम गश्त कर रहे हैं। हमारे पास स्टेडियम और दोनों टीमों को अलग-अलग होटलों में रखने की व्यवस्था है।''

उन्होंने आगे कहा, ''अहमदाबाद को खतरा सिर्फ इस गेम की वजह से नहीं, बल्कि कई ओर चीजों की वजह से है। लश्कर-ए-तैयबा से, अफगानिस्तान और पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों से और खालिस्तान समूहों से भी हमें खतरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी राज्य से हैं, यह गुजरात के सबसे समृद्ध शहरों में से एक है और अन्य कारण भी हैं। लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं।''
गाजा के सपोर्ट में मोहम्मद रिजवान का ट्वीट भी बढ़ा सकता है मुश्किल!
10 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान ने 121 गेंदों पर 131 रन बनाए थे। इस जीत के बाद मोहम्मद रिजवान ने गाजा के समर्थन में एक ट्वीट किया। जिसको लेकर विवाद हो रहा है। उनके खिलाफ आईसीसी और बीसीसीआई से एक्शन लेने की मांग की जा रही है।
रिजवान ने ट्वीट में लिखा था, ''यह शतक गाजा में हमारे भाइयों और बहनों के लिए था। जीत में योगदान देकर मैं खुश हूं। इसे आसान बनाने के लिए पूरी टीम और खासकर से अब्दुल्ला शफीक और हसन अली को श्रेय जाता है। अद्भुत आतिथ्य और समर्थन के लिए हैदराबाद के लोगों का बहुत आभारी हूं।''
अब रिजवान के इस ट्वीट के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्वीट कर लिखा है कि वह चाहते हैं रिजवान अहमदाबाद में भारत के खिलाफ मैच विजयी शतक बनाए और उस प्रदर्शन को फिलिस्तीन के निर्दोष, युद्ध प्रभावित बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग नागरिकों को समर्पित करें।
इजराइल और हमास के बीच जारी खूनी संघर्ष के दौरान रिजवान का ये ट्वीट और उनके फैंस की ऐसी प्रतिक्रिया, खेल को प्रभावित कर सकती है।

पाकिस्तान ने भी अहमदाबाद में मैच खेलने को लेकर पहले जताई थी आपत्ति
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व चीफ नजम सेठी ने जून 2023 में ही विश्व कप के पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन ग्रेग बार्कले से कहा था कि वो वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के साथ मैच नहीं खेलना चाहते हैं। नजम सेठी कहा था कि वह नहीं चाहेंगे कि पाकिस्तान अहमदाबाद में भारत के साथ खेले। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान अपना मैच कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरू में खेलना चाहता है। पाकिस्तान बोर्ड अहमदाबाद में टीम की सुरक्षा को लेकर चिंतित था।

नजम सेठी ने ऐसी मांग क्यों की थी.,..इसको लेकर पीसीबी ने कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया था। लेकिन मीडियो रिपोर्ट में इसके पीछे कई वजह को लेकर दावा किया जा रहा था। कईयों ने दावा किया कि ये 2002 के दंगों के बाद शहर की धारणा के कारण था? या फिर ऐसा इसलिए था क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह राज्य है?
अहमदाबाद पुलिस-प्रशासन और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन पूरी तरह तैयार
खैर, अहमदाबाद पुलिस-प्रशासन का कहना है कि उन्होंने 14 अक्टूबर को खेले जाने वाले मैच को लेकर पुख्ता सुरक्षा इतंजाम किए हैं।
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धनराज नथवानी ने कहा कि जीसीए सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में से एक की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा है कि, 'बीसीसीआई के सहयोग से, आईसीसी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार मैच के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। हम जीसीए में इस तरह की मेजबानी करने पर बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं। विश्व कप के शुरुआती मैच और फाइनल मैच के साथ-साथ महत्वपूर्ण मैच के लिए बीसीसीआई के आभारी हैं।'












Click it and Unblock the Notifications