IND vs NED: क्या भारतीय टीम के अगले मैच में बारिश होगी? जानें कैसा रहेगा बेंगलुरु का मौसम
India vs Netherlands, Bengaluru Weather: लगातार रिकॉर्ड 8 मैचों में जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने तालिका में टॉप पर रहते हुए वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह हासिल की है। भारतीय टीम के पास लीग चरण में फ़िलहाल एक मैच और है। इसमें जीत दर्ज करते हुए भारतीय टीम लगातार 9 मैचों में जीत का कीर्तिमान बनाना चाहेगी।
रोहित शर्मा एंड कंपनी ने अब तक रास्ते में आई हर टीम को पटखनी देने में सफलता हासिल की है। अंतिम मैच में टीम इंडिया का सामना नीदलैंड्स की टीम से होना है और यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। रविवार को यह मुकाबला खेला जाना है।

बेंगलुरु का मौसम पिछले कुछ समय से खराब रहा है। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में बारिश का खलल देखने को मिला था। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बीच में ही रोककर DLS मेथड से फैसला हुआ था। इसमें पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया था।
भारत vs नीदलैंड्स में कैसा रहेगा मौसम
रविवार को दोपहर में होने वाले इस मुकाबले में बारिश को लेकर किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सूर्य की रोशनी देखने को मिलेगी लेकिन आसमान में बादल भी छाये रहेंगे। एक्यूवेदर के अनुसार बादलों का घेरा 71 फीसदी तक रहेगा, तूफ़ान की तरह तेज हवा का पूर्वानुमान नहीं है। बारिश के 3 फीसदी आसार हैं।
दोपहर के बाद बादल थोड़े कम होंगे और शाम को इनमें और गिरावट आएगी। शाम के समय आर्द्रता 83 फीसदी रहेगी। बारिश की संभावना भी 3 फीसदी से गिरकर 2 प्रतिशत पर आ जाएगी। शाम के समय ओस की भूमिका देखने को मिलेगी। 18 फीसदी आसार ओस के रहेंगे। इस तरह मौसम को लेकर कोई बुरी खबर नहीं होगी। फैन्स को एक पूर्ण मैच देखने को मिलेगा।
नीदरलैंड्स की टीम ने अब तक खेले गए 8 मैचों में से 2 में जीत दर्ज की है। 4 अंकों के साथ डच टीम तालिका में अंतिम पायदान पर है। टीम इंडिया के सामने नीदरलैंड्स का काम आसान नहीं होने वाला है। टीम इंडिया की जबरदस्त फॉर्म को देखते हुए उलटफेर के आसार कम ही नज़र आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications