जून में आयरलैंड से T20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, भारत के आने से आयरिश बोर्ड पर बरसेगा पैसा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार से शुरू हो रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ ही रोहित शर्मा टेस्ट टीम की कप्तानी संभालते नजर आयेंगे, लेकिन दो मैचों की इस सीरीज के साथ ही 2021-22 के घरेलू सत्र की समाप्ति हो जायेगी। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद भारतीय खिलाड़ी आईपीएल में खेलते नजर आयेंगे और भारत को अपना अगला अंतर्राष्ट्रीय मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ जून में खेलना है। भारतीय टीम को इस दौरान 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसके बाद उसे इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की वनडे और टी20 सीरीज के लिये जाना है।

इस बीच भारतीय टीम के शेड्यूल में एक नयी सीरीज जोड़ दी गई है। इसके तहत भारतीय टीम को इंग्लैंड का दौरा करने से पहले आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज के लिये जाना है। आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज का ऐलान करते हुए जानकारी दी है कि बीसीसीआई ने 26 और 28 जून को मलाहिडे में दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिये हामी भर दी है।
और पढ़ें: कैसे T20 WC में रोहित के साथ ओपनिंग कर सकते हैं कोहली, पूर्व खिलाड़ी ने बताया अपना टीम कॉम्बिनेनशन

आयरलैंड दौरे पर भारत की बी टीम कर सकती है दौरा
उल्लेखनीय है कि भले ही इस सीरीज का ऐलान कर दिया है लेकिन इसमें भारत की मुख्य टीम के खिलाड़ी भाग लेते नजर आयेंगे क्योंकि वो इंग्लैंड में 1 जुलाई से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज की तैयारियां कर रहे होंगे। ऐसे में रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋषभ पंत, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में बीसीसीआई भारत की बी टीम को भेज सकती है।
बीसीसीआई ने पिछले साल जुलाई में श्रीलंका दौरे को लेकर भी ऐसा ही किया था, जहां पर भारत की मुख्य टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी तो वहीं पर सीमित ओवर्स की सीरीज के लिये उसने अपनी बी टीम को भेजा था। भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल की टेस्ट सीरीज का बचा हुआ एक टेस्ट मैच खेलना है, जिसका आयोजन एक से 5 जुलाई के बीच किया जाना है।

बेहद शानदार रहने वाला है आयरलैंड का समर सीजन
क्रिकेट आयरलैंड ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा कि इन गर्मियों में आयरलैंड क्रिकेट का सामना दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों से होने वाला है। भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीम आयरलैंड का दौरा करेगी, जबकि हम ब्रिस्टल में साउथ अफ्रीका के साथ खेलेंगे। हम आयरलैंड के सबसे बड़े अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट सीजन के लिये तैयार हैं।
गौरतलब है कि भारत ने आयरलैंड के खिलाफ आखिरी बार साल 2018 में 2 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें उसने क्लीन स्वीप किया था। क्रिकेट आयरलैंड के सीईओ ने कहा,' हम 2018 के बाद पहली बार आयरलैंड का दौरा करने आ रही भारतीय टीम की मेजबानी करने को लेकर काफी खुश हैं। इसके साथ ही कई बड़ी टीमें भी आने वाली हैं जिसमें 2017 में आने वाली न्यूजीलैंड भी शामिल है। टी20 विश्वकप से पहले हमें साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने का मौका मिलना काफी शानदार है। हम जीसीसी को साउथ अफ्रीका की मेजबानी करने के लिये धन्यवाद देते हैं।'

सिर्फ 2 मैचों से निकल जायेगा साल भर का खर्चा
आयरलैंड क्रिकेट के सीईओ ने आगे बात करते हुए बताया कि उन्होंने घर पर इतनी बड़ी टीमों की मेजबानी को देखते हुए अप्रैल में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज को 2023 के लिये स्थगित कर दिया है। उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज से उन्हें इतना रिवेन्यू मिल जायेगा जिससे उनके क्रिकेट बोर्ड का खर्चा साल भर चल सकता है, ऐसे में बीसीसीआई के लिये सीरीज खेलने के लिये राजी होना काफी मायने रखता है।












Click it and Unblock the Notifications