IND vs ENG: लीड्स टेस्ट में तीसरे दिन बारिश बिगाड़ेगी खेल? जानिए कैसा रहेगा मौसम का हाल
IND vs ENG Weather Update: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच में दूसरे दिन बारिश ने कुछ समय के लिए खेल में खलल डालने का काम किया। हालांकि, मैच के पहले दिन मौसम साफ था और खेल बिना किसी रुकावट के चला, लेकिन दूसरे दिन जैसे ही भारत की पारी सिमटी आसमान में बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बारिश ज्यादा देर तक नहीं रही और 30-40 मिनट के भीतर ही खेल फिर से शुरू हो गया।
क्या तीसरे दिन बारिश डालेगी खलल (IND vs ENG Weather Update)
अब सवाल ये है कि क्या तीसरे दिन भी बारिश खेल में रुकावट पैदा करेगी? रविवार यानी तीसरे दिन के लिए मौसम पूर्वानुमान कुछ खास अच्छा नहीं है। लीड्स के मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट Accuweather के अनुसार दिन में बारिश की 65% संभावना जताई गई है। खासतौर पर दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच बारिश होने के पूरे आसार हैं। 4 बजे के आसपास 60% तक बारिश की संभावना है, जिससे यह तय माना जा रहा है कि कुछ देर के लिए खेल प्रभावित हो सकता है।

कुछ समय के लिए हो सकती है बारिश
हालांकि, अच्छी खबर यह है कि बारिश लंबे समय तक नहीं टिकेगी। हो सकता है कि एक या दो घंटे तक खेल रुके, लेकिन दिन के अंत में समय की भरपाई की जा सकती है, जैसे कि दूसरे दिन हुआ था। कुल मिलाकर तीसरे दिन भी बारिश बीच-बीच में खेल का मजा थोड़ा बिगाड़ सकती है, लेकिन उम्मीद है कि दर्शकों को पूरा दिन क्रिकेट देखने को मिलेगा।
इंग्लैंड की दमदार वापसी
मैच की बात करें तो भारतीय टीम के 471 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने भी अच्छी शुरुआत की है। इंग्लैंड की पहली पारी की शुरुआत झटके के साथ हुई जब जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में ही जैक क्राउली को केवल 4 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद डकेट और ओली पोप ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े। डकेट ने 62 रन बनाए। बुमराह ने जो रूट को भी 28 रन पर पवेलियन भेजा।
दूसरी ओर ओली पोप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 125 गेंदों में अपना नौवां टेस्ट शतक पूरा किया और दिन के अंत तक 100 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ हैरी ब्रूक खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications