India vs England: जडेजा-वॉशिंगटन ने एक बार फिर मचाया गदर, भारत ने इंग्लैंड को दिया 374 का लक्ष्य
India vs England: ओवल टेस्ट मैच का तीसरा दिन भारतीय टीम के नाम रहा और बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए और इंग्लिश गेंदबाजों की कुटाई कर डाली। दिन के पहले सेशन में यशस्वी जायसवाल और आकाश दीप टिके रहे और लगातार रन बनाते चले गए। आकाश दीप ने अपने करियर का पहला टेस्ट अर्धशतक बना दिया।
जायसवाल और आकाश दीप के बीच शतकीय भागीदारी हुई, वह 66 के निजी स्कोर पर आउट हुए। बाद में कप्तान गिल 11 और करुण नायर 17 रन बना चलते बने लेकिन जायसवाल क्रीज पर टिके रहे और अपने करियर का छठा शतक पूरा कर 118 के निजी स्कोर पर आउट हुए।

इसके बाद जडेजा और ध्रुव जुरेल के बीच एक अहम भागीदारी हुई। जुरेल 34 रन बना आउट हो गए। जडेजा पिछले मैच में शतक की फॉर्म इस बार भी जारी रखने में कामयाब रहे। वह फिफ्टी जड़ने के बाद 53 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने।
अंत में वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर खड़े होकर तूफानी बैटिंग करने लगे। उन्होंने 39 गेंदों में धांसू फिफ्टी जड़कर इंग्लैंड की परेशानी और बढ़ा दी। वॉशिंगटन सुंदर भी 53 रनों के निजी स्कोर पर आउट हुए लेकिन इससे पहले वह 4 चौके और 4 छक्कों से गदर मचा चुके थे। भारत की दूसरी पारी 396 रनों के कुल स्कोर पर समाप्त हो गई। भारत को 373 की लीड मिली और इंग्लैंड को 374 का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने धाकड़ गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किये।
जवाबी पारी में खेलते हुए इंग्लैंड की टीम ने तेज शुरुआत की। हर बार की तरह जैक क्रॉली और डकेट क्रीज पर आए और अच्छी बैटिंग करते हुए पहले विकेट के लिए 50 रनों की भागीदारी की। दिन का अंतिम कुछ मिनटों से पहले सिराज ने जैक क्रॉली को चलता किया, वह 14 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर लौट गए। इसके बाद यहीं स्टम्प्स की घोषणा कर दी गई। अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर यह विकेट गिरा था। इंग्लैंड का स्कोर 1 विकेट पर 50 रन है। डकेट 34 पर नाबाद हैं और इंग्लैंड को चौथे दिन जीत के लिए 324 रनों की जरूरत होगी।












Click it and Unblock the Notifications