IND vs ENG: तीसरे वनडे से पहले मस्ती के मूड में नजर आए विराट कोहली, डांस वीडियो वायरल
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज, 17 जुलाई को अमीरात ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर के मैदान पर खेला जाएगा।
मैनचेस्टर, 17 जुलाई: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज, 17 जुलाई को अमीरात ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर के मैदान पर खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अभी 1-1 की बराबरी पर हैं। सीरीज का पहला वनडे भारत ने 10 विकेट से जीता था, वहीं दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 100 रन से मात दी थी। ऐसे में आखिरी मैच जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम करेगी। तीसरे वनडे से पहले पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली मस्ती के मूड में नजर आए। उन्होंने प्रैक्टिस के दौरान मैदान पर डांस किया। कोहली के इस डांस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रिलेक्स नजर आ रहे कोहली
वायरल वीडियो में विराट काफी रिलेक्स नजर आ रहे हैं। हालांकि विराट कोहली इन दिनों खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। वह तीसरे वनडे में शानदार बल्लेबाजी कर लय प्राप्त करना चाहेंगे। फॉर्म को लेकर कोहली की चौतरफा आलोचना हो रही है। विराट ने लगभग 3 साल से कोई शतक नहीं लगाया है। एजबेस्टन टेस्ट में विराट ने दोनों पारियों में 31 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे टी20 में उन्होंने 1 और तीसरे टी20 में 11 रन की पारी खेली थी। वहीं विराट ने दूसरे वनडे में 16 रन बनाए थे। अच्छी शुरुआत के बाद विराट बड़ी पारी खेलने में नाकाम रह रहे हैं।
Virat Kohli is a mood on the ground. pic.twitter.com/FSEmSxUOHQ
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) July 17, 2022

कीर्तन में पहुंचे थे कोहली
इससे पहले शनिवार को विराट कोहली लंदन में अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक भजन-कीर्तन का कार्यक्रम अटैंड करने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर विराट और अनुष्का की फोटोज भी सामने आईं थी। दरअसल विराट और अनुष्का लंदन में मशहूर अमेरिकी भजन गायक कृष्णा दास के सीताराम कीर्तन में पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर विराट और अनुष्का की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें विराट और अनुष्का फैंस के साथ भी नजर आ रहे हैं।

विराट कोहली का करियर
विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में 102 टेस्ट मैच की 173 इनिंग में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 260 वनडे में कोहली ने 58.07 की औसत और 92.92 के स्ट्राइक रेट से 12311 रन बनाए हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक जड़े हैं। वहीं 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में विराट ने 3308 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में एक भी शतक नहीं जड़ा है।

नवंबर 2019 में लगाया था शतक
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वनडे में अपना आखिरी शतक 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था. उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल शतक नवंबर 2019 में लगाया था। यह शतक बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में आया था। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया था। इस डे-नाइट टेस्ट मैच में कोहली ने 136 रन की पारी खेली थी। यह टीम इंडिया का पहला डे-नाइट टेस्ट था, जिसे उसने पारी और 46 रन से जीता था।












Click it and Unblock the Notifications