India Vs Australia: जानिए कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम
क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले को देखने के लिए आज दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह है। टीम इंडिया का फाइनल में आज मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ है। दोनों ही टीमों के बीच आज कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
टीम इंडिया की बात करें तो टीम के सभी खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शुरुआती दो मैचों में हार के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 8 मैचों में जीत दर्ज की है। लिहाजा टीम इंडिया बिल्कुल भी ऑस्ट्रेलिया को हल्के में नहीं लेगी।

आज का मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां के मौसम की बात करें तो दोपहर 2 बजे जब मैच शुरू होगा तो पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। डे-नाइट मैच में शाम का पारा नीचे जाने की संभावना है। शाम 6 बजे पारा 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अंधेरा होने के बाद रात 9 बजे तक पारा 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अहमदाबाद में आसमान आज साफ रहेगा, किसी भी तरह के बादल छाने की संभावना नहीं है। लिहाजा बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं। लेकिन आर्द्रता 45 फीसदी तक रह सकती है जोकि औसत है। हवा की रफ्तार की बात करें तो यह 5-11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी। जोकि मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिम की दिशा में चलेगी। हालांकि शाम को ओस की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो मैच में किसी भी तरह की कोई बाधा मौसम की ओर से नहीं होगी। क्रिकेट में मौसम अहम भूमिका निभाता है। अहमदाबाद शहर बाकी के भारत के शहरों की ही तरह है, जहां पर मौसम सामान्य रहता है, यहां बेंगलुरू की तरह अचानक से बारिश नहीं होती है।
बहरहाल टीम इंडिया के मैच की बात करें तो विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, केएल राहुल सभी जबरदस्त फॉर्म में है। श्रेयस अय्यर और विराट कोहली इस विश्वकप में अबतक 537 रनों की साझेदारी कर चुके हैं। जोकि किसी भी जोड़ी की इस विश्वकप में सर्वाधिक रन हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज एडम जैंपा ने इस विश्वकप के मिडल ओवर में सर्वाधिक 17 विकेट लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications