IND vs AUS: 'आपके शतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो, 15 हजार रन बनाएं', गिल से खुश हुए गावस्कर
India vs Australia 4th Test, Day 3: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाने का काम किया है।

India vs Australia 4th Test, Day 3: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी मैच में शुभमन गिल ने कमाल की बल्लेबाजी की। अहमदाबाद टेस्ट मे गिल ने 128 रन की शानदार शतकीय पारी खेलकर भारतीय टीम की वापसी में जरूरी योगदान किया। गिल की बल्लेबाजी की हर कोई तारीफ कर रहा है। सोशल मीडिया पर शुभमन गिल लगातार ट्रेंड कर रहे हैं। केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को ओपनिंग करने का मौका मिला था और उन्होंने इसका जबरदस्त फायदा उठाया।

घरेलू सरजमीं पर पहला शतक
भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल अपनी बल्लेबाजी से लगातार सभी को प्रभावित कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच के तीसरे दिन शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने पिछले साल बांग्लादेश में 110 रन की पारी खेली थी। लेकिन भारतीय सरजमीं पर यह गिल का पहला शतक है। गिल के इस शतक पर लगातार दिग्गजों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है।

गावस्कर ने कही दिल की बात
अहमदाबाद में गिल ने अपनी बल्लेबाजी से पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर को भी खुश कर दिया। दिन का खेल खत्म होने के बाद सुनील गावस्कर ने शुभमन गिल से कुछ जरूरी बातें भी की। गावस्कर ने गिल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपकी ये दूसरी टेस्ट सेंचुरी है। आशा करता हूं कि आपके शतकों की संख्या और अधिक हो। आप, 8 हजार, 10 हजार, 15 हजार रन टेस्ट क्रिकेट में बनाएं। गिल और गावस्कर के बीच होने वाली बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

गिल ने जड़ा शानदार शतक
चौथे टेस्ट मैच में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए थे। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा 35 रन बनाए। शुभमन गिल ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 113 रन जोड़े। गिल ने भारत को दमदार शुरुआत दिलाई और टीम को मैच में वापसी कराने में मदद की। टीम इंडिया अगर यह मैच जीत लेती है तो वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन मैच के ड्रॉ होने की संभावनाएं सबसे अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications