नागपुर टेस्ट के बीच वॉर्नर को मिली बड़ी वॉर्निंग, पूर्व चैंपियन खिलाड़ी ने कहा- उसे टीम से बाहर....
India vs Australia 1st Test Nagpur: भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में कुछ खास नहीं रहा है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया।

India vs Australia 1st Test Nagpur: ऑस्ट्रेलिया के लिए नागपुर का पहला टेस्ट अब तक किसी बुरे सपने की तरह रहा है। टॉस जीतने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के सामने बेदम दिखाई दे रही है। बल्लेबाजों के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज भी अपना कमाल दिखाने में नाकाम रहे हैं।

पोंटिंग ने वॉर्नर पर साधा निशाना
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने बल्लेबाजों के खऱाब प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अगर ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज जीतनी है तो बेस्ट प्लेइंग इलेवन को मैदान पर उतारना होगा। डेविड वॉर्नर अगर लगातार नाकाम रहते हैं, तो प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह को लेकर भी सोच-विचार किया जा सकता है। भारत में डेविड वॉर्नर का टेस्ट रिकॉर्ड बेहद खराब है। ऐसे में पोंटिंग ने उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल करने की सलाह दी है।

वॉर्नर को लेकर कही यह बात
आईसीसी रिव्यू में पोंटिंग ने कहा कि भारतीय पिचों पर डेविड वॉर्नर का औसत अच्छा नहीं है। मुझे लगता है कि भारत में उसका औसत आठ टेस्ट मैचों में 24 है। एक बार फिर वह नाकाम रहा है। पोंटिंग के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया को अपने प्लेइंग इलेवन बदलाव करने की जरूरत है। बता दें कि डेविड वॉर्नर आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। दिल्ली के कोच पोंटिंग ने अब अपने इस खिलाड़ी को ही टेस्ट टीम से बाहर करने की बात कह दी है।

भारत ने ली 144 रनों की लीड
पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने मैच में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। रवींद्र जडेजा के बाद अक्षर पटेल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। इन दोनों बल्लेबाजों ने भारत के लिए आठवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी कर ली है। जडेजा 66 तो वहीं अक्षर 52 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 320 रन के पार जा चुका है। ऑस्ट्रेलिया के लिए अब इस मैच में वापसी करना काफी मुश्किल हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications