IND vs AUS: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच देखने जाएंगे PM मोदी, खिलाड़ियों का होगा जोश हाई
Border-Gavaskar Trophy 2023: भारतीय टीम को 9 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है। इस सीरीज पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें बनी हुई है।

Border-Gavaskar Trophy 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज का आगाज 9 फरवरी से होने जा रहा है। इस सीरीज में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम भारत पहुंच चुकी है। इस सीरीज इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए यह सीरीज भारत को जीतना बेहद जरूरी है। ऐसे में भारतीय कप्तान अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन को मुकाबले में उतारने की कोशिश करेंगे।

मैच देखेंगे पीएम नरेंद्र मोदी
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज भारत दौरे पर आने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो एंथोनी अल्बानीज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत और ऑस्ट्रेलिया का आखिरी टेस्ट मैच देखेंगे। दोनों ही देशों के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में सीरीज के चौथे और आखिरी मुकाबले का आनंद लेते नजर आ सकते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों की कोशिश इस सीरीज को जीतने की होगी।

भारत के लिए सीरीज में जीत जरूरी
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पीएम नरेंद्र मोदी अपने नाम वाले स्टेडियम में इस मुकाबले को देखने के लिए पहुंचेंगे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में इस सीरीज के तीन मुकाबले जीतने हैं। भारत की कोशिश ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंद और बल्ले दोनों से ही धमाकेदार प्रदर्शन करने की होगी।

दोनों टीमों में नहीं होंगे कुछ खिलाड़ी
भारतीय टीम के लिए टेस्ट में लगातार बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करने वाले ऋषभ पंत इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं श्रेयस अय्यर भी चोटिल होने के कारण सीरीज के पहले मैच से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी भारत के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पिछले तीन संस्करण भारत ने जीतने में सफलता हासिल की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की कोशिश लगातार चौथी बार इस पर कब्जा जमाने की होगी।

जानिए कब और कहां होंगे मुकाबले
पहला टेस्ट, नागपुर में: 9-13 फरवरी (विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम)
दूसरा टेस्ट, दिल्ली में: 17-21 फरवरी (अरुण जेटली स्टेडियम)
तीसरा टेस्ट धर्मशाला में: 1-5 मार्च (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम)
चौथा टेस्ट, अहमदाबाद में: 9-13 मार्च (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)

पैट कमिंस करेंगे ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), एश्टन एगर, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स केरी, कैमरून ग्रीन, पीटर हैंड्सकॉम्ब, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मारनस लबसचगने, नाथन लियोन, लांस मॉरिस, टोड मर्फी, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ (वीसी), मिशेल स्टार्क, मिशेल स्वेपसन, डेविड वार्नर।

पहले दो मैचों के लिए भारतीय टीम
टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, शुभमन गिल, सी पुजारा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएस भरत, ईशान किशन, आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मो. सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।












Click it and Unblock the Notifications