IND vs AUS: नागपुर टेस्ट के बीच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पहुंचा अस्पताल, कप्तान कमिंस की बढ़ी मुश्किलें
India vs Australia 1st Test Nagpur: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच तक भारत ने तीन विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।

India vs Australia 1st Test Nagpur: नागपुर में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा शानदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। केएल राहुल, आर अश्विन और चेतेश्वर पुजारा के रूप में भारत ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास इस मैच में शतक जड़ने का शानदार मौका है।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पहुंचा अस्पताल
भारत के खिलाफ नागपुर टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ को नागपुर के स्टेडियम से अस्पताल ले जाया गया है। घुटने में अचानक तेज दर्द होने की वजह से मैट रेनशॉ को अस्पताल में स्केन के लिए भेजा गया है। पहले दिन बल्लेबाजी में गोल्डन डक बनाने वाले रेनशॉ दूसरे दिन फील्डिंग के लिए मैदान में नहीं उतरे।

रोहित और कोहली क्रीज पर मौजूद
विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में सिर्फ 177 रनों पर ऑल आउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए 177 रनों के बाद भारत ने दूसरे दिन लंच तक तीन विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। इन दोनों ही बल्लेबाजों से टीम को बड़े स्कोर की उम्मीद होगी। भारत की कोशिश ऑस्ट्रेलिया को बड़ी लीड देने की होगी।

टॉड मर्फी का शानदार डेब्यू
नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक तीनों विकेट टॉड मर्फी ने लिए हैं। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को 23 रन के स्कोर पर आउट किया। अश्विन के बाद चेतेश्वर पुजारा भी सात रन बनाकर कैच आउट हो गए। टॉड मर्फी ने चेतेश्वर पुजारा को स्कॉट बोलैंड के हाथों कैच कराया। इससे पहले गुरुवार शाम को केएल राहुल भी अपना विकेट टॉड मर्फी की गेंद पर ही गंवाया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम सिर्फ 177 रनों पर ऑल आउट हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications