IND vs AUS: पहले टी20 में खली बुमराह की कमी, हार्दिक बोले-चोट के बाद वापसी कर रहे बुमराह को...
मंगलवार को मोहली में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले टी20 में जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया।
नई दिल्ली, 21 सितंबर: मंगलवार को मोहली में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले टी20 में जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया। टॉस के दौरान रोहित शर्मा ने बताया कि चोट से वापसी करने वाले बुमराह दूसरे-तीसरे मैच से खेलते हुए नजर आ सकते हैं। डेथ ओवर्स में टीम इंडिया को बुमराह की कमी भी खली। अंत के ओवर्स ने भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी रन लुटा दिए, नतीजतन ऑस्ट्रेलिया ने 4 गेंद पहले ही मैच को 4 विकेट से जीत लिया। मैच के बाद ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने कहा, टीम इस दिग्गज तेज गेंदबाज पर ज्यादा दबाव नहीं डालेगी और उन्हें चोट से उबरकर वापसी करने के लिए पर्याप्त समय देगी।

अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी
पहले टी20 में अक्षर पटेल को छोड़कर सभी भारतीय गेंदबाजों ने 11 या उससे अधिक की इकॉनमी से रन दिए। पीठ की चोट के कारण एशिया कप 2022 नहीं खेलने वाले बुमराह को टी20 विश्वकप 2022 स्क्वॉड के अलावा उससे पहले होने वाली आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। हार्दिक ने कहा, "हम सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं और वह हमारे लिए कितने जरूरी हैं। गेंदबाजी के बारे में थोड़ी बहुत चिंताएं हो सकती हैं लेकिन इसमें कोई समस्या नहीं है। हमें अपने खिलाड़ियों पर भरोसा करना है। ये देश में बेस्ट 15 खिलाड़ी हैं और इसलिए उन्हें टीम में जगह मिली।" उन्होंने कहा, "बुमराह के टीम में नहीं होने से काफी फर्क पड़ता है। वह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं, उसके लिए यह महत्वपूर्ण है कि उन्हें वापसी के लिए पर्याप्त समय मिले और उन पर ज्यादा दबाव नहीं डाला जाए।"

पांड्या ने खेली तूफानी पारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 में हार्दिक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 30 गेंद में 71 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को 200 के पार पहुंचाया। वह आईपीएल 2022 के बाद से ही टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल के अपने प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए हार्दिक ने कहा था, "मुझे हाल ही में बहुत सफलता मिली है लेकिन मेरे लिए जो अधिक महत्वपूर्ण है वह यह है कि मेरे अच्छे दिनों में भी मैं बेहतर कैसे हो सकता हूं? मेरे पास जिस तरह का करियर ग्राफ है, मैं अपने प्रदर्शन को अधिक महत्व नहीं देता, चाहे सफलता मिले या असफलता।"

उन्होंने अच्छा खेला
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर ने कहा, "पहले टी20 में में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा। विपक्षी टीम मुझे अगले मैच में निशाना बना सकती है और मुझे एक कदम आगे बढ़ने की जरूरत है।" आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए आसान जीत दर्ज की। हार्दिक ने जीत का श्रेय विपक्षी बल्लेबाजों को दिया। उन्होंने कहा, "कोई ओस नहीं थी। उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की आपको उन्हें श्रेय देना होगा। उन्होंने अच्छा क्रिकेट खेला। हम गेंदबाजी में अपनी प्लानिंग को लागू नहीं कर पाए।"

ग्रीन ने खेली शानदार पारी
हार्दिक ने कहा, "आप कोई एक कारण नहीं बता सकते कि हम क्यों हारे। यह एक खेल है, यह एक द्विपक्षीय सीरीज है। हमें दो और मैच खेलने हैं और हम बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।" हार्दिक ने कैमरन ग्रीन की भी तारीफ की। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अपने पहले ही मैच में 30 गेंद में 61 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने कहा, "जिस तरह से वह खेला, उसके लिए अच्छा है। हमने बहुत सारे वीडियो देखे हैं लेकिन यह अपनी योजनाओं को लागू करने के बारे में है। उसने कुछ अच्छे शॉट खेले और इसका श्रेय दिया जाना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications