IND vs AUS: कैच लपकने के बाद खुद ही हैरान रह गए ग्लेन मैक्सवेल, रोहित शर्मा को भी नहीं हुआ यकीन
india vs australia 3rd odi, Rohit Sharma: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कमाल की बल्लेबाजी की। वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में रोहित शर्मा ने भारत के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। रोहित शर्मा ने 57 गेंद में पांच चौके और 6 छक्के की मदद से 81 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। रोहित शर्मा के पास इस मुकाबले में शतक बनाने का मौका था, लेकिन वह ऐसा करने से चूक गए।
शतक बनाने से चूके रोहित: अपनी पारी के दौरान छह छक्के लगाने वाले रोहित शर्मा लय में नजर आ रहे थे। ऐसा लग रहा था रोहित शर्मा वर्ल्ड कप से पहले इस मुकाबले में शतक जड़ लेंगे लेकिन वह शतक बनाने में कामयाब नहीं हो सके। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने रोहित शर्मा को अजीब तरीके से आउट किया। दरअसल, ग्लेन मैक्सवेल की एक शॉट पिच गेंद पर रोहित शर्मा ने तेजी से सामने की ओर शॉट खेला।

मैक्सवेल के हाथ से चिपक गई गेंद: रोहित शर्मा द्वारा शॉट खेलने के बाद गेंद जाकर सीधे मैक्सवेल के हाथ से चिपक गई। गेंदबाज मैक्सवेल भी इस विकेट को देखकर हैरान रह गए। मैक्सवेल बचने के लिए हाथ को सामने लेकर आए थे लेकिन गेंद जाकर सीधे उनके हाथ से चिपक गई। इस तरह रोहित शर्मा दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट होकर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा के आउट होने से नॉन स्ट्राइक पर खड़े विराट कोहली भी मायूस नजर आए।
भारत के सामने बड़ा लक्ष्य: पहले दो वनडे मैच हारने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम ने तीसरे मुकाबले में भारत के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। भारत को यह मुकाबला को जीतने के लिए 353 रन बनाने हैं। रोहित शर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने भारतीय पारी की शुरुआत की। दोनों ही बल्लेबाज ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच भी 50 से अधिक रनों की साझेदारी हुई। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद अब विराट कोहली और श्रेयस अय्यर पर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।












Click it and Unblock the Notifications