IND vs AUS: 'वॉर्नर-ख्वाजा वेलकम टू इंडिया', ऑस्ट्रेलिया पर कहर बनकर टूटे सिराज-शमी, फैंस ने लिए मजे
India vs Australia 1st Test Nagpur: नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाजों ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है। मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट झटक लिए हैं।

India vs Australia 1st Test Nagpur: नागपुर में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस सीरीज का इंतजार लंबे समय से क्रिकेट फैंस बेसब्री के साथ कर रहे थे। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पहले टेस्ट मैच में टॉस जीतने में सफल नहीं रहे। लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने टीम को एक मजबूत शुरुआत दिलाई है। ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ दो रन के स्कोर पर ही अपने दो खिलाड़ियों का विकेट गंवा दिया है।
सिराज-शमी ने दिखाया कमाल
मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में अपनी पारी का पहला ओवर करने आए मोहम्मद सिराज ने पहले ही गेंद पर विकेट झटकने का काम किया। सिराज ने उस्मान ख्वाजा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। अंपायर ने बल्लेबाज को आउट नहीं दिया था, जिसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। रोहित का यह फैसला सही साबित हुआ और भारत को पहली सफलता मिल गई।
दूसरे ही ओवर में कप्तान रोहित ने लिया रिव्यू
सिराज की गेंद टप्पा खाने के बाद बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के लिए अंदर आई और पैड से जा टकराई। सिराज ने कप्तान रोहित शर्मा से रिव्यू लेने की गुजारिश की। जिसके बाद रिव्यू में दिखा की गेंद स्टंप पर जाकर लग रही थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और टीम इंडिया को पहली सफलता मिल गई। इसके बाद भारत ने डेविड वॉर्नर का विकेट भी जल्द ही झटक लिया।
वॉर्नर भी आउट फैंस ने लिए मजे
ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट डेविड वॉर्नर के रूप में गिरा। मोहम्मद शमी ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने डेविड वॉर्नर को क्लीन बोल्ड किया। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा का विकेट गिरने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं। एक फैन ने लिखा कि वॉर्नर-ख्वाजा वेलकम टू इंडिया। वहीं एक यूजर ने लिखा कि स्पिनर्स के खिलाफ प्लान बनाकर आए, लेकिन तेज गेंदबाजों ने ही इनका काम तमाम कर दिया। बता दें कि इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications