IND vs AFG: घायल शेर भारत की जोरदार वापसी, अफगानिस्तान को 101 रनों से दी मात, भुवी ने झटके 5 विकेट
213 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी की। भुवी ने अपने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 4 रन देकर पांच विकेट झटकने का काम किया।
नई दिल्ली, 8 सितंबर। एशिया कप से बाहर होने के बाद सवालों से घिरे भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन किया। पहले बल्ले और फिर गेंद से भारतीय खिलाड़ियों ने अफगानिस्तान को चारों खाने चित्त कर दिया। भारत ने अफगानिस्तान को 101 रनों से हराकर एशिया कप से अपनी विदाई ली। भारतीय टीम ने इस एक मुकाबले के जरिए आलोचकों के मुंह को काफी हद तक बंद करने का काम किया। 213 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 111 रन ही बना सकी।

भुवनेश्वर कुमार ने झटके पांच विकेट
213 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी की। भुवी ने अपने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 4 रन देकर पांच विकेट झटकने का काम किया। इस दौरान उन्होंने एक मेजन ओवर भी डाला। अपने पहले ही ओवर में भुवी ने हजरतुल्लाह जजई और रहमानुल्ला गुरबाज को बिना खाता खोले ही पवेलियन की राह दिखा दी।

भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाया दम
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर 212 रन बोर्ड पर लगा दिए। विराट कोहली ने 200 के स्ट्राइक रेट के साथ महज 61 गेंदों में 122 रन बनाए। वहीं कप्तान केएल राहुल ने भी 41 गेंदों में 62 रनों की उपयोगी पारी खेली। जबकि ऋषभ पंत के बल्ले से 16 गेंदों में 20 रन निकले। भारत ने अफगानिस्तान के सामने 213 रनों का लक्ष्य रखा था।

एशिया कप से बाहर हो चुका है भारत
भारतीय टीम पहले ही एशिया कप के फाइनल से बाहर हो गई है। पाकिस्तान और श्रीलंका के हाथों हार झेलने के बाद भारतीय टीम के लिए फाइनल में पहुंचना लगभग नामुमकिन सा हो गया था। एशिया कप 2022 में श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें 11 सितंबर रविवार को फाइनल मुकाबला खेलेगी। इन दोनों में से जीतने वाली टीम एशिया कप की चैंपियन कहलाएगी।












Click it and Unblock the Notifications