Asian Legends Cup लीग की हो गई घोषणा, भारत, पाकिस्तान समेत छह टीमों के बीच होगी टक्कर
Asian Legends Cup 2026: बोर्ड ऑफ वेटरन क्रिकेट इन इंडिया (बीवीसीआई) ने 40 वर्ष से ज्यादा उम्र के क्रिकेटरों के लिए पहली एशियन लेजेंड्स लीग की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह लीग 28 जनवरी से 4 फरवरी तक थाईलैंड के चियांग माई में आयोजित की जाएगी। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और हांगकांग-कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी।
बीवीसीआई के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी का बड़ा बयान (Asian Legends Cup 2026)
घोषणा करते हुए बीवीसीआई के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार भारतीय वेटरन्स टीम एशिया-स्तर की लीग में खेलेगी। यह हमारे लिए एक मील का पत्थर है, एक सपना जिसे हम वर्षों से पूरा करने की कोशिश कर रहे थे। त्यागी ने बताया कि कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इस लीग में हिस्सा लेने वाले हैं।

जल्द होगा भारतीय टीम का ऐलान
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की संभावित टीम में शोएब मलिक कप्तान होंगे, अब्दुल रज्जाक शामिल हैं और वसीम अकरम कोच के तौर पर जुड़ सकते हैं। हर टीम में तीन से चार इंटरनेशनल खिलाड़ी और शीर्ष घरेलू क्रिकेटर होंगे। भारत की टीम जल्द घोषित की जाएगी। इसमें पूर्व भारतीय और घरेलू खिलाड़ियों जैसे प्रवीण कुमार, जतिन सक्सेना, शादाब जकाती और मनोज प्रभाकर के शामिल होने की उम्मीद है। चयन हाल ही में समाप्त हुए इंटर-ज़ोन वेटरन्स टूर्नामेंट के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
त्यागी ने कहा कि एशियन लेजेंड्स लीग की शुरुआत वेटरन्स क्रिकेट के वर्षों पुराने ढांचे पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारत में वेटरन क्रिकेट पिछले 26 साल से चल रहा है। BVCI की स्थापना 1998 में स्वर्गीय चेतन चौहान ने की थी ताकि रिटायर्ड खिलाड़ी खेल से जुड़े रहें। जिन्होंने अपना जीवन क्रिकेट को दिया, उन्हें रिटायरमेंट के बाद भी मंच मिलना चाहिए।
यहां देख सकते हैं लाइव मैच
थाईलैंड को लोकेशन चुनने के पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि थाईलैंड एक केंद्रीय और न्यूट्रल जगह है, जहां सभी टीमें आसानी से पहुंच सकती हैं। स्थानीय आयोजक ग्राउंड और रहने की व्यवस्था में हमारी मदद कर रहे हैं, जो जरूरी है क्योंकि हमारा बोर्ड वित्तीय रूप से बहुत मजबूत नहीं है। यह लीग YouTube और FanCode पर लाइव प्रसारित की जाएगी।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर लीग के CEO तरुणेश परिहार ने कहा कि इस पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाज़ी होगी। उन्होंने कहा कि यह खेल है यह लोगों को जोड़ता है। अगर इस लीग के ज़रिए हम एक सकारात्मक संदेश दे सकें, तो यह अपने आप में बड़ी बात होगी। त्यागी ने भरोसा जताया कि यह लीग हर साल आयोजित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications