वेस्टइंडीज के दौरे के बाद भारत को मिलेगा रेड बॉल क्रिकेट से लंबा विराम, जानिए कब होगा अगला टेस्ट मैच
भारतीय क्रिकेट टीम का वेस्टइंडीज दौरा जारी है जहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज हो चुकी है। पहला टेस्ट मैच भारत ने डोमिनिका के विंडसर पार्क में आसानी से जीता था। दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया की राह में बारिश ने कांटे बिछा दिए हैं।
बारिश के चलते यह मुकाबला ड्रा में समाप्त हुआ और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की साइकिल में भारत को अहम पॉइंट शेयर करने पड़े। इसके साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज भारत के पक्ष में 1-0 से समाप्त हो गई है।

अब भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के दौरे पर तीन मैचों की वनडे और पांच मैचों की T20 सीरीज खेलनी है। वनडे सीरीज की शुरुआत 27 जुलाई से हो रही है। इसके बाद T20 सीरीज खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट टीम के सामने अब सिर्फ सफेद क्रिकेट ही बचा है।
भारत को इस साल वेस्टइंडीज का दौरा निपटाने के बाद एशिया कप, वर्ल्ड कप जैसी प्रतियोगिताएं खेलनी है। इसका मतलब है कि भारत फिलहाल टेस्ट क्रिकेट से एक लंबा विराम लेगा। जी हां, भारत को अब टेस्ट क्रिकेट में अपना अगला मुकाबला आज (25 जुलाई) से 154 दिन बाद खेलना है। यह एक बड़ा गैप है।
भारत को अपना अगला टेस्ट 26 दिसंबर 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। ये भारत का प्रोटियाज दौरा है, जहां भारतीय टीम को दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला सेंचुरियन के सुपर पार्क में होगा। जो भारतीय समय अनुसार दोपहर 1:30 पर देखा जा सकेगा।
ये भी पढ़ें- वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप करने का मौका मिस होने के बाद वायरल हुआ रोहित शर्मा का 3 शब्दों का ट्वीट
दूसरा मैच 3 जनवरी को होगा और यह केपटाउन में होगा। फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत को ताजा ड्रा से झटका मिला है, जहां भारत का अंक प्रतिशत 100 से कम होकर 66.67 पर आ गया है। भारतीय टीम पहले स्थान से भी हट गई है।
इसके इसके बाद भारत जनवरी-फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगा। इसके बाद फिर एक लंबा अंतराल आएगा और टीम इंडिया को अगले साल सितंबर-अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी करनी है। इसके तुरंत बाद न्यूजीलैंड की टीम की भारत आ जाएगी और वह तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। नवंबर 2024 से जनवरी 2025 तक भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा जो कंगारुओं की धरती पर होगी।












Click it and Unblock the Notifications