T20 World Cup 2026 India Squad: ईशान किशन का खत्म हुआ वनवास, वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में मिली जगह
T20 World Cup 2026: Team India Squad Announcement: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली है। 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड में ईशान किशन और रिंकू सिंह को शामिल किया गया है।
मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्यालय में चयनकर्ताओं की अहम बैठक हुई, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम की घोषणा की। इस मौके पर कप्तान सूर्यकुमार यादव भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।

इस टीम में सबसे चौंकाने वाला और बड़ा नाम ईशान किशन का है, जिनका लंबे समय से चल रहा टीम से बाहर रहने का 'वनवास' अब खत्म हो गया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली इस टीम में अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है।
T20 World Cup 2026: ईशान को धमाकेदार प्रदर्शन का मिला इनाम
ईशान किशन नवंबर 2023 के बाद से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे, लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ताजा सीजन में उन्होंने तहलका मचा दिया। किशन ने पूरे सीजन में 517 रन बनाए और अपनी कप्तानी में झारखंड को पहला खिताब दिलाया।
फाइनल में लगाए गए उनके शानदार शतक ने चयनकर्ताओं को मजबूर कर दिया कि वे उनकी अनदेखी न करें। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले इस स्टार खिलाड़ी ने जितेश शर्मा की जगह टीम में वापसी की है।
T20 World Cup 2026: पावर-पैक बल्लेबाजी लाइनअप
टीम इंडिया की बल्लेबाजी इस बार युवा जोश और अनुभव का मिश्रण नजर आ रही है। अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह और ईशान किशन जैसे अटैकिंग बल्लेबाजों के साथ टीम बड़े स्कोर बनाने की पूरी क्षमता रखती है।
T20 World Cup 2026: ऑलराउंडर्स में हार्दिक का दम, गेंदबाजी में बुमराह की अगुवाई
ऑलराउंड विभाग में हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं। हाल ही में अहमदाबाद टी20 में 25 गेंदों पर 63 रन की पारी खेलने वाले हार्दिक से बड़ी उम्मीदें होंगी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह तेज अटैक की अगुवाई करेंगे, उनके साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा होंगे। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड सीरीज से होगी तैयारी
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जो 21 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगी। इससे पहले दोनों टीमें तीन वनडे मैच भी खेलेंगी, जिनके लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा।
T20 World Cup 2026: शुभमन गिल बाहर, रिंकू सिंह की हुई वापसी
चयनकर्ताओं ने इस बार कड़े फैसले लिए हैं। लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल को वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं, फिनिशर रिंकू सिंह, जिन्हें पिछले कुछ समय से नजरअंदाज किया जा रहा था, उनकी भी टीम में शानदार वापसी हुई है। गिल के बाहर होने के बाद अब ओपनिंग में संजू सैमसन और ईशान किशन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, हालांकि अभिषेक शर्मा का एक छोर संभालना लगभग तय है।
T20 World Cup 2026: सूर्या की कप्तानी और अक्षर को नई जिम्मेदारी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में ही रहेगी। लेकिन सबसे दिलचस्प फैसला अक्षर पटेल को लेकर रहा, जिन्हें टीम का उप-कप्तान (Vice-Captain) नियुक्त किया गया है। यह फैसला दिखाता है कि टीम मैनेजमेंट अब अक्षर को एक सीनियर लीडर और मैच विनर के रूप में देख रहा है।
T20 World Cup 2026 India Squad: भारत टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रित बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह।
भारत के ग्रुप-स्टेज मुकाबलों का पूरा शेड्यूल
टीम इंडिया अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत घरेलू मैदान पर अमेरिका के खिलाफ करेगी। भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।
- 7 फरवरी: भारत बनाम अमेरिका (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई)
- 12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया (अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली)
- 15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
- 18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड (नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद)












Click it and Unblock the Notifications