IND vs WI: वेस्टइंडीज ने भारत को दी शर्मनाक हार, जानें कौन सी 5 गलतियों ने टीम को पछाड़ा
India vs West Indies 2nd ODI: कैरेबियन टूर पर भारत का वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत का सिलसिला टूट गया है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से जीत हासिल करके टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में भी पहला मैच आसानी से जीता था।
हालांकि उस मुकाबले में किए गए प्रयोग भारत पर थोड़े भारी पड़े थे, लेकिन दूसरे मैच में भी वे जारी रहे। वर्ल्ड कप 2023 के लिए अपनी टीम तराशने के लिए खेल रही टीम इंडिया इस मुकाबले में 40.5 ओवर में 181 रनों पर ही ढेर हो गई जिसके जवाब में मेजबानों ने 36.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर यह टारगेट हासिल कर लिया।

यह भारत की अप्रत्याशित हार है। किसी ने भी वेस्टइंडीज पर मजबूत भारत के सामने जीत की लाइन पार करने का दांव नहीं लगाया था। आइए देखते हैं इस हार के 5 संभावित कारण क्या रहे हैं-
खराब बल्लेबाजी परफॉर्मेंस-
चाहे पिच हो, मौसम हो, या कोई और तकनीकी पहलू, भारत की खराब बल्लेबाजी किसी भी नजरिए से ढक नहीं सकती। भारत ने 40.5 ओवर में 181 रन पर 10 विकेट गंवा दिए, जिसमें ओपनिंग बल्लेबाज ईशान किशन और शुभमन गिल ही 25 से ज्यादा रन बना सके। ईशान ने 55 और गिल ने 34 रनों की पारी खेली।
भारत ने 90 रन की मजबूत ओपनिंग साझेदारी करने के बाद मात्र 23 रन के अंतर में 5 विकेट गवाएं।
बारिश का बीच-बीच में आना-
भारतीय पारी में बारिश ने लगातार परेशानी का उदाहरण पेश किया। जब भारत 24 वे ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाकर खेल रहा था तो बारिश शुरू हो गई। इस ब्रेक के चलते निश्चित तौर पर टीम इंडिया की बल्लेबाजी का रिदम टूटा।
अति प्रयोग और अनुभव की कमी-
भारत ने इस मैच में अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को बाहर बैठाया था, जिससे बाकी खिलाड़ियों को अपनी स्किल दिखाने का मौका मिल सके। हालांकि युवा और गैर अनुभवी टीम दबाव भरे हालातों में मुश्किल पिच पर उम्मीद के हिसाब से नहीं चल पाई। हार्दिक पांड्या अपनी कप्तानी में वनडे फॉर्मेट में उतने दमदार नहीं दिखाई दिए और उनकी परफॉर्मेंस भी सामने से आकर लीड करती नहीं दिखी। उन्होंने गेंदबाजी में कोई विकेट नहीं लिया और बल्लेबाजी में मात्र सात ही रन बनाए।
वेस्टइंडीज की शानदार गेंदबाजी-
वेस्टइंडीज ने अपनी घरेलू परिस्थितियों का बखूबी फायदा उठाया और भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया। ये वही पिच थी, जिस पर भारत पिछले मैच में भी 100 रनों से कम पर आधी टीम को आउट देख चुका था। स्पिनर गुडाकेश मोती ने पहले मैच की फॉर्म को आगे बढ़ाया और 3 विकेट लिए। एल्जारी जोसेफ ने बढ़िया वापसी करते हुए दो विकेट लिए। रोमारियो शेफर्ड ने भी तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा काइल मेयर्स की गेंदबाजी भी कंजूसी भरी रही।
ये भी पढ़ें- भारत के सामने वेस्टइंडीज का पलटवार: सीरीज 1-1 से बराबर, हार्दिक ने कहा- जो सोचा था, वैसे नहीं हुआ
वेस्टइंडीज की दमदार बल्लेबाजी-
वेस्टइंडीज ने 182 रनों का पीछा करते हुए 36.4 ओवर में मात्र 4 ही विकेट गवाएं। निश्चित तौर पर विकेट पहली पारी की तुलना में थोड़ा ठीक हुआ था, लेकिन कप्तान शाई होप ने जिस तरह से 80 गेंदों पर 63 रनों की नपी-तुली पारी खेली, उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। इस खिलाड़ी ने पहले मैच में भी अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे। उन्हें दूसरे वनडे मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए केसी कार्टी का भी साथ मिला, जिन्होंने 65 गेंदों पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 91 रन जोड़े और वेस्टइंडीज की टीम को 4 विकेट पर 91 रनों की स्थिति से बाहर निकाला। ओपनिंग में काइल मेयर्स ने 28 गेंदों पर 36 रन बनाकर तेज शुरुआत की थी।












Click it and Unblock the Notifications