50 हजार टिकट बिके तो खुल गया बंद पड़ा स्टैंड, भारत-न्यूजीलैंड मैच का जबरदस्त क्रेज, कब है सीरीज?
IND vs NZ: भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर वहां के क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सीरीज के टिकटों की बिक्री शुरू होने के दो हफ्ते के अंदर ही 50 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। कई मुकाबले हाउसफुल होने की ओर बढ़ रहे हैं और इसी बढ़ती मांग का असर ऑकलैंड के ईडन पार्क में भी देखने को मिला है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली इस 12 मैचों की (ऑल फ़ॉर्मेट) सीरीज के लिए टिकटों की बिक्री ने न्यूजीलैंड क्रिकेट को भी उत्साहित कर दिया है। भारत की टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर जा रही है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।

6 साल बाद खुल गया सिटिंग टियर
ऑकलैंड में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का चौथा टी20 इंटरनेशनल 30 अक्टूबर को खेला जाना है। इस मैच को लेकर टिकटों की मांग इतनी ज्यादा है कि ईडन पार्क का छठा और सबसे ऊपरी सीटिंग टियर भी खोल दिया गया है। यह हिस्सा 2019 में भारत के न्यूजीलैंड दौरे के बाद पहली बार दर्शकों के लिए खोला जा रहा है।
ईडन पार्क का यह फैसला अपने आप में बताता है कि भारत के मैच को लेकर न्यूजीलैंड में कितनी दिलचस्पी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, सीरीज के लिए अब तक 50 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। वहीं क्राइस्टचर्च में होने वाला दूसरा टी20 भी तेजी से सोल्ड आउट हो रहा है और उसकी करीब 75 फीसदी टिकट बिक्री हो चुकी है।
दिलचस्प बात यह है कि टिकटों की बिक्री की शुरुआत भी रिकॉर्ड रही थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अगस्त में बताया था कि प्री-सेल के पहले 48 घंटे में ही 26 हजार टिकट बिक गए थे। उस समय भी ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सफेद गेंद के मुकाबले सबसे ज्यादा मांग वाले मैचों में शामिल थे।
कब होगा ऑकलैंड में मैच
अब छठे टियर को खोलने के फैसले ने इस सीरीज की चर्चा और बढ़ा दी है। यानी भारतीय टीम के न्यूजीलैंड पहुंचने से काफी पहले ही फैंस के बीच मैच देखने का क्रेज दिखाई देने लगा है, इसका खास कारण वहां भारतीय लोगों की मौजूदगी है। अब 30 अक्टूबर को स्टेडियम के ऊपरी हिस्से में दर्शक मैच का मजा उठाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
