ODI World Cup 2023 : 'चहल के साथ हो गया खेला', नहीं मिली युजवेंद्र को विश्व कप की टीम में जगह
Team India's ODI World Cup 2023 squad : 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले आईसीसी विश्व कप 2023 के लिए टीम इंडिया का ऐलान आज कर दिया गया है। 15 सदस्यों वाली इस टीम में भारत के स्टार बॉलर युजवेंद्र चहल को जगह नहीं मिली है बल्कि उनकी जगह कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को चुना गया है। चहल का नाम विश्वकप की टीम में ना होने से उनके फैंस को तगड़ा झटका लगा है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। कुछ लोगों ने लिखा है कि 'चहल के साथ तो खेला हो गया।'

आपको बता दें कि चहल की विश्वकप की जर्नी काफी उथल-पुथल रही है। वो टी20 विश्व कप 2022 के लिए चुने तो गए थे लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेला था, जबकि टी20 विश्वकप 2021 के लिए वो चुने नहीं गए थे। मालूम हो कि चहल को एशिया कप 2023 के लिए भी सेलेक्ट नहीं किया गया है जिसे लेकर भारत के कुछ क्रिकेटरों ने सवाल भी खड़े किए थे, जिसमें इंडिया के पूर्व दिग्गज सुरेश रैना भी शामिल थे।
कुलदीप का प्रदर्शन चहल से बढ़िया
चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस बारे में बयान दिया था कि पहले से ही टीम में रिस्ट स्पिनर हैं,ऐसे में दो को जगह नहीं मिल सकती है। हालिया प्रदर्शन की बात करें तो कुलदीप का प्रदर्शन चहल से बढ़िया रहा है इसलिए उन्हें चयनकर्ताओं ने चहल से ऊपर रखा। इसके अलावा एशिया कप में चहल को ना लेने की दो और मुख्य वजह थी और उन वजहों का नाम है अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा।
एशिया कप से भी दूर हैं चहल
अक्षर पटेल टीम में ऑलराउंडर की जगह पूरी करते हैं और जडेजा भी बॉलिंग और बल्ले दोनों से टीम में सहयोग देते हैं। जिसके कारण चहल को एशिया कप में नहीं चुना गया था और शायद इन्हीं कारणों के कारण चहल को विश्वकप की टीम में भी जगह नहीं मिली है।
ये है विश्व कप 2023 के लिए टीम इंडिया
- रोहित शर्मा,
- हार्दिक पांड्या,
- शुभमन गिल,
- विराट कोहली,
- श्रेयस अय्यर,
- केएल राहुल,
- ईशान किशन,
- रवींद्र जडेजा,
- अक्षर पटेल,
- सूर्यकुमार यादव,
- शार्दुल ठाकुर,
- जसप्रीत बुमराह,
- मोहम्मद शमी,
- मोहम्मद सिराज,
- कुलदीप यादव।
5 अक्टूबर से शुरू होगा घमासान
विश्वकप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होगा और पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। विश्व कप का फाइनल 19 नंवबर को अहमदाबाद में होगा। इंडिया का पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा और 14 अक्टूबर को पाकिस्तान से इंडिया की टीम अहमदाबाद में भिड़ेगी। इस बार भारत विश्वकप का अकेला आयोजक है।












Click it and Unblock the Notifications