IND vs SA: भारत की ODI टीम में हुई 2 खिलाड़ियों की एंट्री, एक ने 6 साल पहले खेला था आखिरी वनडे
नई दिल्लीः जयंत यादव और नवदीप सैनी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 जनवरी से शुरू होने वाली एकदिवसीय सीरीज के लिए भारत की टीम में शामिल किया गया है। इन दोनों को इसलिए शामिल किया गया है क्योंकि ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को कोविड -19 होने के बाद श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था। वर्ना सुंदर को बुधवार (12 जनवरी) को वनडे टीम सदस्यों के साथ केपटाउन जाना था।
हालांकि, वह अब जाने से चूक जाएंगे। इसके अलावा जयंत यादव को अभी टीम के साथ रहने के लिए कहा गया है। जयंत यादव इस समय चल रही भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए टीम के साथ बने हुए हैं।

नवदीप सैनी और जयंत यादव की एंट्री-
दूसरी ओर, सैनी को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए एक बैक-अप के रूप में जोड़ा गया है, जो अभी भी अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। सिराज को जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में चोट लगी थी। सिराज को मौजूदा तीसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है और एकदिवसीय सीरीज में भी उनके खेलने पर संदेह है। अगर वह समय पर ठीक नहीं होते हैं तो सैनी टीम में उनकी जगह लेंगे। सैनी और जयंत के लिए यह वास्तव में एक अच्छा मौका है क्योंकि दोनों टीम में किसी भूमिका से बाहर हो चले थे। पर अब कुछ कर गुजरने का मौका है। 2016 में अपना एकमात्र वनडे खेलने वाले जयंत ने चार साल बाद 2021 में टेस्ट टीम में वापसी की।

औसत प्रदर्शन के चलते खोई थी सैनी ने जगह-
वहीं सैनी ने पिछले साल तक टीम में अपनी जगह पक्की कर ली थी। उनको भारतीय पेस अटैक के तरकश का एक और पैना तीर माना जा रहा था लेकिन तेज गति का ये बॉलर बाद में औसत दर्जे का साबित हुआ और वह रडार से बाहर हो गया। हालांकि, दोनों के पास अब साउथ अफ्रीका में अपनी पहचान बनाने का मौका है।
बता दें कि केएल राहुल वनडे में टीम का नेतृत्व करेंगे क्योंकि सफेद गेंद के नए कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हो गए। जसप्रीत बुमराह उपकप्तान होंगे और उनसे काफी उम्मीदें हैं।

पिछली बार वनडे सीरीज जीत गया था भारत-
भारत ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी आखिरी एकदिवसीय श्रृंखला में 5-1 से जीत दर्ज की। इसलिए, मेन इन ब्लू अपनी पुरानी गाथा को दोहराना चाहेगा।
दक्षिण अफ्रीका वनडे के लिए भारत की वनडे टीम: केएल राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), शिखर धवन, रुतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, जयंत यादव, नवदीप सैनी।












Click it and Unblock the Notifications