Shubman Gill ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का 24 साल पुराना रिकॉर्ड, जिम्बाब्वे की धरती पर रचा इतिहास
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में शुभमन गिल (Shubman Gill) ने इतिहास रच दिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क, 22 अगस्त: जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में शुभमन गिल (Shubman Gill) ने इतिहास रच दिया है। युवा ओपनर ने तीसरे वनडे में 82 गेंदों पर अपने करियर का पहला शतक जड़ा। वह 97 गेंदों पर 130 रन की यादगार पारी खेलकर आउट हुए। अपनी इस शतकीय पारी के साथ ही गिल ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendlkar) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

टूट गया तेंदुलकर का रिकॉर्ड
शुभमन गिल ने सचिन तेंदुलकर का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, 130 रन की पारी खेलने के साथ ही गिल जिम्बाब्वे की धरती पर एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल से पहले ये कीर्तिमान सचिन के नाम पर दर्ज था। मास्टर ब्लास्टर ने 24 साल पहले 1998 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलवायो में 130 गेंदों पर 127 रन की नाबाद पारी खेली थी। अब ये रिकॉर्ड 22 वर्षीय शुभमन गिल के नाम पर दर्ज हो गया है।

गिल ने बनाई नई लिस्ट
शुभमन गिल जिम्बाब्वे की धरती पर सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अपनी पहली शतकीय पारी में दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने 15 चौके और एक छक्का जड़ा।
जिम्बाब्वे में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी
- 130 - शुभमन गिल*
- 127* - सचिन तेंदुलकर
- 124* - अंबाती रायडू
- 122* - सचिन तेंदुलकर

एक रिकॉर्ड और पर लिखाया अपना नाम
शुभमन गिल का बल्ला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा हैं। वह एकदिवसीय क्रिकेट की पहली 9 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं। अभी तक वह 9 पारियों में कुल 499 रन बना चुके हैं।
भारत के लिए शुरुआती 9 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 499 - शुभमन गिल*
- 469 - श्रेयस अय्यर
- 417 - नवजोत सिद्धू
- 401 - शिखर धवन

सीरीज में 120 से ऊपर रहा औसत
जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों में गिल ने 122.50 की बेहतरीन औसत और 120.69 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 245 रन बनाए। पहले वनडे में उन्होंने टारगेट का पीछे करते हुए नाबाद 82 और दूसरे मैच में 33 रन बनाए थे। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वनडे सीरीज में लगभग ढेड साल बाद वापसी करते हुए उन्होंने 3 मैचों में 205 रन बनाए थे।
अभी तक गिल 9 वनडे मैचों में 71.29 की शानदार औसत के साथ कुल 499 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक देखने को मिले।












Click it and Unblock the Notifications