IND vs WI: सूर्या के बल्ले से आया रनों का सैलाब, वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को धोकर भारत को जिताया
India vs West Indies: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में खुद की उम्मीदें बचाये रखी है। तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत लिया। वेस्टइंडीज ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 159 रन बनाए थे। जवाब में खेलते हुए भारत ने 3 विकेट पर 164 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सीरीज में विंडीज अभी 2-1 से आगे है। सूर्यकुमार यादव को धुआंधार पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की धाकड़ शुरुआत रही। ब्रेंडन किंग और काइल मेयर्स ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। इस दौरान मेयर्स को 25 रन पर अक्षर पटेल ने आउट कर दिया। जॉनसन चार्ल्स को कुलदीप यादव ने 12 पर आउट कर विंडीज को दूसरा झटका दिया।

ब्रेंडन किंग क्रीज पर टिके लेकिन धीमी बैटिंग करते हुए 42 रन बनाकर आउट हो गए। पिछले दो मैचों में फिफित जड़ने वाले निकोलस पूरन भी 20 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इसके बाद रोवमैन पॉवेल ने जिम्मेदारी से बैटिंग की और तेज रन बनाए। वह 19 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाने में सफल रहे और विंडीज का स्कोर 5 विकेट पर 159 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट कुलदीप यादव ने झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। डेब्यू कर रहे यशस्वी जायसवाल महज 1 रन बनाकर चलते बने। शुभमन गिल लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप रहे। वह 6 रन बनाकर आउट हुए और भारत का स्कोर 2 विकेट पर 34 रन हो गया।
मुश्किल घड़ी में सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को धो दिया। चौके छक्कों की बारिश करते हुए उन्होंने 29 गेंदों में अपनी फिफ्टी जड़ दी। तिलक वर्मा ने उनका साथ दिया और दोनों ने मिलकर स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 100 छक्के पूरे किये। उन्होंने 51 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की।
लगातार तेज बैटिंग करते हुए सूर्यकुमार यादव 44 गेंदों में 83 रन बनाकर आउट हो गए। दुर्भाग्य रहा कि वह अपना शतक नहीं बना पाए। उनकी पारी में 10 चौके और 4 छक्के आए। तिलक वर्मा ने एक छोर पर अपना काम जारी रखा। वह 37 गेंदों में 49 पर नाबाद लौटे। हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications