IND vs SL: दो जीवनदान के बाद कोहली के बल्ले से निकला शतक, हाफ सेंचुरी बनते ही छूटे थे दो कैच
विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में 87 गेंदों के अंदर 113 रन की पारी खेली। कोहली ने इस दौरान 12 चौके और 2 छक्के लगाए। कोहली को उनकी पारी के दौरान दो जीवनदान भी मिले।

श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में अपने फॉर्म को बरकरार रखते हुए विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया। कोहली ने 87 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 113 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 129.89 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। हालांकि कोहली की शतकीय पारी के दौरान उन्हें दो बड़े जीवनदान मिले, जिसके बाद ही कोहली ने अपना शतक पूरा किया। आपको बता दें कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने कोहली के दो आसान से कैच टपका दिए और यह दोनों कैच कोहली की हाफ सेंचुरी पूरी होने के बाद ही छूटे थे। पूरी भारतीय पारी के दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने अपनी फील्डिंग से बार-बार निराश किया।
कोहली को मिले थे दो जीवनदान
- विराट कोहली को पहला जीवनदान हाफ सेंचुरी पूरी करते ही मिला था। कोहली जिस वक्त 52 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तो श्रीलंका के विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने कोहली का कैच छोड़ा था। 37वें ओवर की पहली गेंद पर कुसल मेंडिस ने विकेट के पीछे कोहली का आसान सा कैच छोड़ा था।
- वहीं विराट कोहली जब 81 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तो श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने उनका आसान सा कैच छोड़ दिया था। रजिथा के ओवर की आखिरी गेंद पर विराट कोहली ने एक्ट्रा कवर की ओर शॉट खेला था। गेंद हवा में थी। दासुन शनाका ने कैच को लेने का प्रयास किया, लेकिन गेंद उनके हाथों से छिटक गई।
कोहली ने इस मामले में की सचिन की बराबरी
आपको बता दें कि विराट कोहली का आज का शतक कई मायनों में खास था। कोहली ने आज इस सेंचुरी के बाद सचिन तेंदुलकर के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दरअसल, कोहली ने भारत में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सचिन के नाम भारत में 20 वनडे शतक थे। कोहली के भी अब 20 शतक हो गए हैं। हालांकि कोहली ने यह 20 शतक सिर्फ 99 पारियों में बनाए हैं। वहीं सचिन ने यह 20 शतक 160 पारियों में बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी हाशिम अमला इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications