IND vs SL: यशस्वी जायसवाल पर भड़के जडेजा, मैदान में श्रीलंकाई प्लेयर्स से टकराने पर लगाई क्लास
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर क्रिकेट के साथ-साथ काफी गर्मागर्मी भी देखने को मिली। भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो से उलझ गए। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला शारीरिक संपर्क तक पहुंच गया।
अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने इस घटना को लेकर जायसवाल को निशाने पर लिया है। जायसवाल 53 गेंदों में 45 रन बनाकर फर्नांडो की गेंद पर आउट हुए। विकेट हासिल करने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज ने भारतीय बल्लेबाज को कुछ कहा था। यह बात जायसवाल को पसंद नहीं आई और वह वापस मुड़कर फर्नांडो के पास पहुंच गए।

दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही। इसी दौरान जायसवाल के हेलमेट का संपर्क फर्नांडो से हो गया। मामला बिगड़ता देख दोनों टीमों के खिलाड़ी तुरंत बीच में आए और दोनों को अलग किया। इसके बाद गुस्से में नजर आए जायसवाल मैदान से बाहर चले गए।
अजय जडेजा ने बताई जायसवाल की गलती
अजय जडेजा का मानना है कि क्रिकेट में खिलाड़ियों के बीच बहस और स्लेजिंग कोई नई बात नहीं है। मुकाबले के दौरान खिलाड़ी एक-दूसरे से शब्दों के जरिए उलझते रहते हैं और इसे खेल का हिस्सा भी माना जाता है लेकिन जायसवाल को इस मामले में अपनी भावनाओं पर थोड़ा कंट्रोल रखना चाहिए था।
जडेजा ने साफ तौर पर कहा कि जायसवाल अगर फर्नांडो को जवाब देना चाहते थे तो वह अपनी बात शब्दों में रख सकते थे। गेंदबाज के बेहद करीब जाकर इस तरह की स्थिति पैदा करना सही नहीं था। उनके मुताबिक यहीं पर भारतीय बल्लेबाज से गलती हुई।
पहले टेस्ट की घटना का भी किया जिक्र
जडेजा ने अपनी बात समझाते हुए पहले टेस्ट की एक घटना का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि अगर जायसवाल ने निसांका या निरोशन डिकवेला के साथ पहले मुकाबले में मैदान पर मजाक और बहस की थी, तो उन्हें यह भी समझना चाहिए था कि श्रीलंकाई खिलाड़ी इसका जवाब दे सकते हैं।
अब हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई
इस घटना का असर मैच के बाद भी देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट इस पूरे मामले की समीक्षा कर सकते हैं। जायसवाल और फर्नांडो के बीच हुए शारीरिक संपर्क को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत देखा जा सकता है।
अगर मैच रेफरी घटना को नियमों का उल्लंघन मानते हैं, तो जायसवाल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी संभव है। इस पर अंतिम फैसला मैच अधिकारियों की जांच और घटना के आकलन के बाद ही होगा।


Click it and Unblock the Notifications
