IND vs SA: तीसरे टी20 से पहले टीम इंडिया में हुआ बड़ा बदलाव, पूर्व कप्तान को दिया गया आराम
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका को 16 रन से हराकर टीम इंडिया ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला मंगलवार, 4 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, इस मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, पूर्व कप्तान विराट कोहली को तीसरे टी20 मैच से आराम दिया गया है।

कोहली को मिला आराम
बीसीसीआई ने कोहली को इंदौर टी20 से आराम देने का फैसला किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की ऐतिहासिक सीरीज जीत में कोहली ने बड़ी भूमिका निभाई। पूर्व भारतीय कप्तान ने दूसरे टी20 मैच में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए केवल 28 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। इस पारी में उनके बल्ले से सात चौके और एक छक्का देखने को मिला। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया सीरीज में भी कोहली का बल्ला जमकर बोला था और उन्होंने 3 मैचों में 26 की औसत से कुल 76 रन बनाए थे।

सामने आया बोर्ड का बयान
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए बीसीसीआई के एक सूत्र ने अपने बयान में कहा, "इस महीने के अंत में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के साथ, हम चाहते हैं कि विराट मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा रहें। उन्होंने एशिया कप के बाद से टी20 इंटरनेशनल मैचों में नियमित रूप से भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए उन्हें आखिरी मैच के लिए आराम दिया गया है। अब तीसरे मैच में किसी और को उनकी जगह टीम में शामिल किया जाएगा।"

अय्यर की वापसी पक्की
विराट कोहली को मिले आराम के बाद श्रेयस अय्यर को तीसरे मैच की प्लेइंग-11 में देखा जा सकता है। श्रेयस को दीपक हुड्डा के चोटिल होने के बाद टीम इंडिया में शामिल किया गया था। 27 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अभी तक भारत के लिए कुल 46 T20I मैच खेले हैं और इस दौरान 33 की औसत से 1029 रन बनाए हैं। अय्यर टी20 वर्ल्ड कप के रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल है।

तीसरे टी20 के लिए दोनों टीमें
भारत- केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, उमेश यादव, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज , शाहबाज अहमद।
साउथ अफ्रीका- क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रिले रोसौव, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, हेनरिक क्लासेन, रीज़ा हेंड्रिक्स, ड्वेन प्रिटोरियस, ड्वेन प्रिटोरियस शम्सी।












Click it and Unblock the Notifications