IND vs SA: हार के बाद भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है भारत, समझिए सुपर-8 का पूरा क्वालिफिकेशन गणित
IND vs SA t20 world cup 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की हार ने भारतीय टीम के सुपर-8 अभियान को मुश्किल में डाल दिया है। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम महज 111 रनों पर सिमट गई, जो टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार है। इस हार ने न केवल टीम के मनोबल पर चोट की है, बल्कि नेट रन-रेट (NRR) को भी गहरे गड्ढे में धकेल दिया है।
भारत को जीतने होंगे आने वाले दोनों मैच (IND vs SA t20 world cup 2026)
हालांकि, सेमीफाइनल की रेस अभी खत्म नहीं हुई है। सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम के पास अभी भी अंतिम चार में पहुंचने का मौका है। यह भारत के लिए सबसे सीधा और सुरक्षित रास्ता है। भारत को अपने अगले दो मैच जिम्बाब्वे (चेन्नई) और वेस्टइंडीज (कोलकाता) जीतने होंगे। इसके साथ ही भारत को प्रार्थना करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका अपने ग्रुप के तीनों मैच जीत जाए।

तीन टीमों के पास हो सकते हैं 4-4 अंक
अगर दक्षिण अफ्रीका 6 अंकों के साथ टॉप करेगा तो भारत 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर सीधे क्वालीफाई कर जाएगा, क्योंकि वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के पास अधिकतम 2-2 अंक ही रह पाएंगे। यदि दक्षिण अफ्रीका अपने अगले दो मैचों में से एक हार जाता है और भारत अपने दोनों मैच जीत लेता है, तो ग्रुप-1 की स्थिति जटिल हो जाएगी। इस स्थिति में दक्षिण अफ्रीका, भारत और वेस्टइंडीज/जिम्बाब्वे (जिसने अफ्रीका को हराया) तीनों के पास 4-4 अंक होंगे।
नेट रन-रेट से होगा फिर फैसला
यहां फैसला नेट रन-रेट (NRR) से होगा। चूंकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत का NRR काफी खराब हो गया है, इसलिए सेमीफाइनल में जाने के लिए भारत को अगले दोनों मैचों में विशाल अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि वे NRR में अन्य टीमों को पछाड़ सकें। यह स्थिति तब बनेगी जब भारत अगले दो मैचों में से केवल एक ही जीत पाए। इसके लिए जरूरी होगा कि दक्षिण अफ्रीका अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंक हासिल करे। बाकी तीन टीमें भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे एक-दूसरे को हरा दें।
अगर भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, जिम्बाब्वे ने वेस्टइंडीज को हराया और वेस्टइंडीज ने भारत को हरा दिया, तो तीनों टीमें 2-2 अंकों पर बराबरी पर होंगी। इस स्थिति में भी सेमीफाइनल का टिकट उसी टीम को मिलेगा जिसका रन-रेट सबसे बेहतर होगा।












Click it and Unblock the Notifications