जैसे शाहीन के सामने रोहित-राहुल तो कुछ हैं ही नहीं, भारत के खिलाफ फिर बड़बोले हुए वकार यूनुस
नई दिल्ली, 21 अगस्त: पाकिस्तान की टीम को ना केवल एशिया कप बल्कि सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू T20 सीरीज के लिए भी बड़ा झटका लगा है क्योंकि उसके प्रीमियर तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी चोट के चलते इन प्रतियोगिताओं से बाहर हो गए हैं। अफरीदी के घुटने में चोट लगी है जिसमें रिकवरी में समय लगेगा अब देखना होगा कि वह T20 वर्ल्ड कप से पहले फिट हो पाते हैं या फिर नहीं जो अक्टूबर में होने जा रहा है।

4 से 6 सप्ताह का आराम करने की सलाह
पीसीबी की मेडिकल सलाहकार समिति ने शाहीन अफरीदी को 4 से 6 सप्ताह का आराम करने की सलाह दी है। इस मौके पर तेज गेंदबाज ने आने वाले एशिया कप के लिए अपनी टीम को शुभकामनाएं दी है और अपने फैंस से अपील की है कि वे उनकी जल्द रिकवरी के लिए प्रार्थना भी करें। पीसीबी उम्मीद कर रहा है कि अफरीदी अक्टूबर में T20 वर्ल्ड कप से पहले होने वाली T20 त्रिकोणीय श्रंखला से में फिट हो जाएंगे जो न्यूजीलैंड में होगी जहां बांग्लादेश भी हिस्सा होगा।

वकार यूनुस का बड़बोलापन एक बार फिर
एशिया कप में पाकिस्तान का अभियान भारत के खिलाफ 28 अगस्त को शुरू होने जा रहा है। यह मुकाबले हमेशा हाई वोल्टेज ड्रामा होते हैं जिनसे पहले बहुत हाईप बनाई जाती है और मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक इसको देखते हैं। शाहीन की गैरमौजूदगी में पाकिस्तान के पूर्व कोच और कप्तान रह चुके वकार यूनुस का बड़बोलापन एक बार फिर से निकल कर सामने आया है। वकार का कहना है कि भारतीय टॉप ऑर्डर के लिए यह बहुत बड़ी राहत की बात है कि शाहिद अफरीदी नहीं खेल रहे हैं।

जैसे शाहीन के सामने रोहित-राहुल कुछ हैं ही नहीं
यह वही वकार है जिन्होंने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान द्वारा भारत को पहली बार हराने के बाद एक विवादास्पद बयान दिया था। अब एक बार फिर से वकार सामने आए हैं और उन्होंने ऐसे बात की है जैसे शाहीन अफरीदी इस बार भी पूरे भारतीय टीम टॉप ऑर्डर को अकेले ही T20 वर्ल्ड कप में साफ कर देते। वकार ने ट्वीट किया है कि, शाहिद अफरीदी की इंजरी भारतीय टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए बड़ी राहत की बात है। दुख की बात है कि हम उनको एशिया कप में नहीं देख पाएंगे। इसके बाद उन्होंने शाहिद अफरीदी को टैग करते हुए कहा कि चैंपियन आप जल्दी से फिट हो जाओ।

करियर में पहली एक बड़ी चोट लगी
इसमें कोई शक नहीं है कि शाहीन शाह टॉप के गेंदबाज हैं और तीनों फॉर्मेट में प्रभाव छोड़ने वाले दुर्लभ मॉर्डन पेसरों में शुमार हैं। वे केवल 22 साल के हैं लेकिन चोट के बाद उनको पुरानी लय हासिल करनी बाकी होगी क्योंकि वह लगातार पाकिस्तान की टीम से बिना आराम के खेले हैं और उनके करियर में यह पहली बार है जब उनको एक बड़ी चोट लगी है। अक्सर तेज गेंदबाज चोटों के बाद पहले की तुलना में कुछ प्रतिशत कमतर हो जाते हैं।

पिछली बार भारत के खिलाफ मैन ऑफ द मैच थे
इसमें भी कोई शक नहीं कि पाकिस्तान और भारत के मुकाबलों में शाहीन अफरीदी एक बड़ा फैक्टर साबित हो सकते थे क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान की पिछली T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मिली 10 विकेट की जीत में काफी अहम भूमिका अदा की थी।
लेकिन हमें रोहित के नजरिए से भी टीम इंडिया की तैयारी को समझना होगा जिन्होंने हाल में ही कहा है, जो टीम पाकिस्तान से हारी वह अलग थी। तब से लेकर अब तक बहुत कुछ बदल चुका है। विश्व कप के लिए 80-90 प्रतिशत टीम तैयार है।
पिछला टी20 वर्ल्ड कप अंतिम मौका था जब यह दोनों टीमें क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने थी। उस मुकाबले में शाहिद अफरीदी ने रोहित शर्मा को पहले ही ओवर में 0 पर आउट कर दिया था और फिर तीसरे ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल को भी आउट कर दिया था। उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे और मैन ऑफ द मैच बने थे।

रिहैबिलिटेशन दुबई में होगा, हसन अली रिप्लेस कर सकते हैं
शाहिद अफरीदी ने बाद में इसको अपने करियर की सबसे यादगार जीत बताया था। उन्होंने यह भी बताया था कि केएल राहुल का विकेट उनके लिए T20 वर्ल्ड कप में सबसे अहम रहा था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सामने एशिया कप के लिए शाहिद अफरीदी का कोई योग्य रिप्लेसमेंट ढूंढने की चुनौती है। ताजा जानकारी के मुताबिक हसन अली अफरीदी को रिप्लेस कर सकते हैं। पीसीबी ने तय किया है कि शाहिद अफरीदी का रिहैबिलिटेशन दुबई में होगा। इसी वजह से अफरीदी के एशिया कप की टीम के साथ ही रहने की उम्मीद है क्योंकि यह प्रतियोगिता भी दुबई में ही संयुक्त अरब अमीरात में खेली जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications