IND vs PAK: पाकिस्तान से पहले इन टीमों ने की थी बॉयकॉट करने की गलती! मैदान छोड़ा फिर पछताए, हुआ ऐसा अंजाम?
IND vs PAK, T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला लिया है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी देश ने राजनीतिक या सुरक्षा कारणों से वर्ल्ड कप के किसी मैच का बहिष्कार किया हो। इतिहास गवाह है कि अतीत में ऐसे फैसलों ने टीमों के समीकरण बदले हैं, इतना ही नहीं कई बार अंडरडॉग टीमों के लिए खिताबी रास्ता भी आसान किया है।
साल 1996 में हुई थी इसकी शुरुआत (IND vs PAK, T20 World Cup 2026)
वर्ल्ड कप इतिहास में बहिष्कार की शुरुआत 1996 में हुई थी, जब भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका संयुक्त मेजबान थे। कोलंबो में हुए आतंकी हमलों के बाद ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए श्रीलंका में खेलने से इनकार कर दिया था। आईसीसी ने श्रीलंका को दो मैचों में 'वॉकओवर' दे दिया, जिससे उन्हें बिना खेले ही महत्वपूर्ण अंक मिल गए।

इन टीमों ने भी किया था वर्ल्ड कप खेलने से मना
दक्षिण अफ्रीका, केन्या और जिम्बाब्वे की मेजबानी में खेले गए साल 2003 वर्ल्ड कप में भी दो बड़े बहिष्कार देखे गए। ब्रिटिश सरकार के निर्देश पर इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे में राजनीतिक अशांति का हवाला देते हुए मैच खेलने से मना कर दिया। जिससे जिम्बाब्वे को वॉकओवर मिला। वहीं, न्यूजीलैंड ने केन्या के खिलाफ सुरक्षा चिंताओं के कारण मैच छोड़ा। इन वॉकओवर का नतीजा यह हुआ कि केन्या जैसी टीम सेमीफाइनल तक पहुंच गई।
न्यूजीलैंड के फैसले से भारत को मिला था फायदा
2003 में न्यूजीलैंड द्वारा केन्या को वॉकओवर दिए जाने का लाभ भारतीय टीम को मिला था। केन्या की टीम सेमीफाइनल में भारत के सामने आई, जिसे हराकर सौरव गांगुली की कप्तानी वाली टीम ने आसानी से फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, खिताबी मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। अब 2026 में पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलकर इस लिस्ट में शामिल होने वाली पांचवीं टीम बन सकती है।
माना जा रहा है कि इस फैसले के पीछे बांग्लादेश के प्रति समर्थन एक बड़ी वजह है। तकनीकी तौर पर, यदि पाकिस्तान 15 फरवरी को मैदान पर नहीं उतरता है तो भारत को सीधे दो अंक मिल जाएंगे। यह वॉकओवर टीम इंडिया के लिए ग्रुप स्टेज की राह आसान कर सकता है, जबकि पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की चुनौतियां बढ़ जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications