IND vs PAK: पाकिस्तान की घटिया हरकत से ICC को 200 करोड़ का नुकसान? PCB पर लगेगा भारी-भरकम जुर्माना!
IND vs PAK, T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से महज 6 दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। अपनी सरकार के आदेश का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच में टीम नहीं उतारने का ऐलान किया है। यह फैसला केवल एक मैच के रद्द होने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के पूरे राजस्व मॉडल और ब्रॉडकास्टिंग ढांचे पर बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
200 करोड़ का हो सकता है नुकसान (IND vs PAK, T20 World Cup 2026)
क्रिकेट की दुनिया में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला एंकर प्रॉपर्टी माना जाता है। आईसीसी के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स की ऊंची कीमतों के पीछे इसी एक मैच की लोकप्रियता सबसे बड़ा कारण है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के किसी भी सामान्य मैच से जहां लगभग 100 करोड़ रुपये का राजस्व जुड़ा होता है, वहीं पाकिस्तान के साथ मुकाबला होने पर यह आंकड़ा दोगुना यानी 200 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।

10 सेकंड के विज्ञापन स्लॉट की कीमत 25 से 40 लाख
इस मैच के दौरान विज्ञापनों की दरें आसमान छूती हैं। 10 सेकंड के विज्ञापन स्लॉट की कीमत आमतौर पर 25 से 40 लाख रुपये के बीच होती है। यदि यह मैच नहीं होता है, तो ब्रॉडकास्टर्स (जियो-हॉटस्टार) को विज्ञापन से होने वाली इस विशाल कमाई का सीधा नुकसान होगा, जिसका अंतिम बोझ आईसीसी पर ही पड़ेगा।
आईसीसी को लग सकता है झटका
2023 के भारत-पाक मैच ने टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुल मिलाकर लगभग 400 मिलियन (40 करोड़) से अधिक दर्शकों का रिकॉर्ड बनाया था। ग्लोबल स्पॉन्सर इसी पहुंच के आधार पर आईसीसी के साथ करोड़ों के सौदे करते हैं। बहिष्कार की स्थिति में प्रायोजक क्लॉबैक यानी अपने निवेश की वापसी या बोनस भुगतान रोकने की मांग कर सकते हैं, जिससे आईसीसी का कमर्शियल इनकम पूल सिकुड़ जाएगा।
PCB पर गिर सकती है गाज
आईसीसी ने इस मामले में गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है। सूत्रों के मुताबिक, नुकसान की भरपाई के लिए आईसीसी पाकिस्तान के सालाना राजस्व हिस्सेदारी (लगभग 3.45 करोड़ डॉलर) में कटौती कर सकती है। जहां बीसीसीआई (BCCI) के लिए वित्तीय रूप से यह बड़ी चोट नहीं होगी। वहीं पीसीबी और अन्य छोटे क्रिकेट बोर्ड्स के लिए राजस्व मॉडल में आई गिरावट बेहद नुकसानदेह साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications