IND vs PAK: 'मैं अपनी सभी मैच की कमाई भारतीय सेना को दूंगा', जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने कर दिया बड़ा ऐलान
IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने रोमांचक जीत हासिल की। इस जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा कदम उठाया जिसने पूरे देश का दिल जीत लिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान ने घोषणा की कि वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेले गए सभी मैचों की अपनी फीस भारतीय सेना को दान कर देंगे।
'मैं अपनी कमाई भारतीय सेना को दूंगा' (IND vs PAK Asia Cup 2025)
इस धमाकेदार जीत के बाद सूर्यकुमार ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से इस टूर्नामेंट में खेले गए सभी मैचों की अपनी मैच फीस भारतीय सेना को देना चाहता हूं। यह घोषणा दुबई में भारत की शानदार जीत के तुरंत बाद आई। कुलदीप यादव (4 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाज़ी ने पाकिस्तान को 146 रनों पर रोक दिया था, जिसके बाद तिलक वर्मा (नाबाद 69) और शिवम दुबे (33) की धमाकेदार पारियों की बदौलत भारत ने 147 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।

सूर्यकुमार यादव ने जीता फैंस का दिल
जहां मैदान पर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया जा रहा था। वहीं प्रेस रूम में तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव के इस घोषणा का स्वागत किया गया और सोशल मीडिया पर इसकी जमकर सराहना हुई। गौरतलब है कि यह टूर्नामेंट भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे कूटनीतिक तनावों की पृष्ठभूमि में हुआ था। यही वजह है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान तनाव का माहौल बना रहा।
पाकिस्तान को तीनों बार दी मात
इसके अलावा साल की शुरुआत में हुए पहलगाम आतंकी हमले का भावनात्मक बोझ भी एशिया कप के दौरान भारतीय खेमे में महसूस किया गया। भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने पहले भी कई मौकों पर सशस्त्र बलों के प्रति एकजुटता का भाव दिखाया था। चैंपियन कप्तान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देश की सेवा और सम्मान सबसे ऊपर है। भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 में तीनों बार हराने में सफलता हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications