IND vs PAK: 17 साल बाद भारत-पाक मैच में अनोखा संयोग, धांसू जीत के बाद टीम इंडिया ने बनाए कई रिकॉर्ड
IND vs PAK: एशिया कप में टीम इंडिया ने अपना धमाका जारी रखते हुए दुबई में पाकिस्तान को बुरी तरह पराजित कर दिया। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज कर सुपर फॉर में जगह लगभग पक्की कर ली है। सूर्यकुमार यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 47 रनों की नाबाद पारी खेली।
भारत और पाकिस्तान के बीच स्पर्धा हमेशा तीव्रता वाली होती है और दोनों टीमों की तरफ से जीत दर्ज करने का प्रयास रहता है। दुबई में कम स्कोरिंग वाले मैच में भी कुछ आंकड़े और रिकॉर्ड देखने को मिली। उनके बारे में आपको भी जरूर जानना चाहिए।

कुलदीप यादव ने 18 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ साबित हुए। इससे पहले यूएई के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने केवल 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। इस तरह वह एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में लगातार दो मैचों में तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज़ बन गए हैं।
हार्दिक पांड्या का अनोखा आंकड़ा
हार्दिक पांड्या ने मैच की पहली गेंद पर सैम अयूब को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। यह खास उपलब्धि इसलिए खास बन गई क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ पहली गेंद पर विकेट लेने वाले वह पहले भारतीय बन गए। ओवरऑल देखें तो हार्दिक ऐसे दूसरे भारतीय गेंदबाज़ हैं जिन्होंने किसी टी20I मुकाबले की पहली ही गेंद पर विकेट झटका हो। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अमेरिका के खिलाफ यह कारनामा किया था।
IND vs PAK: भारत ने बढ़ा लिया फासला
एशिया कप टी20 फॉर्मेट में भारत ने पाकिस्तान से अपनी लीड और बढ़ा ली है। पहले दोनों टीमों के बीच 2-1 का हेड टू हेड था और इस मैच के बाद यह 3-1 हो गया है। दोनों टीमों के बीच ओवरऑल वनडे और टी20 में कुल 14 मैच हुए हैं, भारत ने 11 और पाक ने 3 जीते हैं।
IND vs PAK: 17 साल में पहली बार दिग्गज बाहर
17 साल बाद ऐसा पहला मौका आया, जब टीम इंडिया बिना रोहित और विराट के किसी टी20 प्रारूप में मैदान पर उतरी और जीत दर्ज कर ली। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में रोहित और कोहली दोनों पाकिस्तान के खिलाफ खेले थे। इससे पहले साल 2007 में जब भारत-पाक टी20 वर्ल्ड कप में खेले थे, तब दोनों प्लेइंग इलेवन में नहीं थे।
चेज करने वाली टीम को ज्यादा जीत
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। सिर्फ एक बार 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली थी, न्यूयॉर्क में उस मैच में भारत ने जीत अर्जित की थी।












Click it and Unblock the Notifications