IND vs NZ: निर्णायक मैच में टीम इंडिया का पलड़ा है भारी, अहमदाबाद में अभी तक एक भी मैच नहीं हारा भारत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबर है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले दोनों टीमें अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही है। जहां एक तरफ भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भिड़ने से पहले न्यूजीलैंड को हराकर अपने हौंसल बुलंद करना चाहेगी तो वहीं दूसरी न्यूजीलैंड की यही कोशिश होगी कि भारत को टी20 सीरीज में मात देकर 2012 के बाद पहली सीरीज अपने नाम की जाए।

2012 में कीवियों ने भारत में जीती थी टी20 सीरीज
आपको बता दें कि अभी तक न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ भारत में तीन टी20 सीरीज खेली हैं, जिसमें से 2 बार भारत जीता है तो वहीं एक बार न्यूजीलैंड ने वो सीरीज अपने नाम की है। साल 2012 में न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 सीरीज खेलने भारत दौरे पर आई थी। कीवियों ने 2 मैचों की यह सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली थी। उसके बाद 2017-18 की टी20 सीरीज टीम इंडिया ने 2-1 से जीती थी और फिर 2021-22 में भी भारत ने टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अजेय है टीम इंडिया
सीरीज के आखिरी मैच में भारत को हराने का ख्वाब देख रही न्यूजीलैंड के लिए यह करना बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है, क्योंकि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया अभी तक अजेय है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की लाल और काली मिट्टी से बनी पिच बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाती है और टीम इंडिया यहां पर 4 टी20 मुकाबले खेली है और सभी में उसे जीत मिली है। वहीं अहमदाबाद के इस ग्राउंड पर अभी तक कुल 6 टी20 हुए हैं, जहां पहले और बाद में बल्लेबाजी करने वाली 3-3 बार जीती है। इस स्टेडियम में आखिरी मैच मार्च 2021 में खेला गया था, जब भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का निर्णायक मैच यहां हुआ था।

भारत की प्लेइंग इलेवन में होगा बदलाव?
आपको बता दें कि सीरीज के निर्णायक मैच में भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकते हैं। माना जा रहा है कि शुभमन गिल की जगह पृथ्वी शॉ को मौका दिया जा सकता है। भारत की सलामी जोड़ी शुभमन गिल और ईशान किशन अभी तक सीरीज के दोनों मुकाबलों में फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में पृथ्वी शॉ को मौका दिए जाने की उम्मीद लगाई जा रही है। हालांकि हार्दिक पांड्या ने सीरीज शुरू होने से पहले कहा था कि गिल को ओपनिंग स्लॉट में पर्याप्त मौके दिए जाएंगे। ऐसे में देखना यह होगा कि हार्दिक क्या कॉल लेते हैं?












Click it and Unblock the Notifications