IND vs NZ: फाइनल में अक्षर या कुलदीप, कौन रचेगा इतिहास? चकनाचूर होगा इस दिग्गज का सालों पुराना रिकॉर्ड!
India vs New Zealand, Final: इंतज़ार की घड़ियां खत्म हुईं! आज 8 मार्च को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट का सबसे बड़ा 'दंगल' होने जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में बस कुछ ही घंटों का फासला रह गया है।
करोड़ों फैंस की धड़कनें तेज हैं और पूरे अहमदाबाद में जीत का शोर गूंज रहा है। सूर्यकुमार यादव की सेना की नजरें ट्रॉफी पर हैं, तो वहीं टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल एक ऐसे ऐतिहासिक मुकाम की दहलीज पर खड़े हैं, जहां पहुंचते ही वो भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े 'स्पिन किंग' बन जाएंगे। आइए जानते हैं इस हाई-वोल्टेज फाइनल में कौन से दिग्गज रिकॉर्ड ध्वस्त होने वाले हैं?

क्या आज 'बापू' रचेंगे इतिहास?
32 वर्षीय अक्षर पटेल ने अब तक 93 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अपनी फिरकी का जादू दिखाया है। 87 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उनके नाम 94 विकेट दर्ज हैं। लेकिन आज का दिन उनके करियर का सबसे बड़ा दिन साबित हो सकता है।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड किसके नाम?
वर्तमान में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम है, जिन्होंने 80 मैचों में 96 विकेट लिए थे। यानी अगर आज अक्षर पटेल न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 विकेट चटका देते हैं, तो वह चहल को पीछे छोड़कर भारत के नंबर-1 टी20 स्पिनर बन जाएंगे।
कुलदीप यादव: 'चाइनामैन' भी रेस में बरकरार
अगर टीम मैनेजमेंट आज फाइनल के रण में कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 (Playing XI) में मौका देता है, तो वह अक्षर से भी पहले इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं।
- कुलदीप यादव: 54 मैचों में 95 विकेट।
- जरूरत: चहल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए मात्र 2 विकेट।
अहमदाबाद की पिच स्पिनर्स की मददगार मानी जाती है, ऐसे में मुमकिन है कि आज रात चहल का 'सबसे पुराना रिकॉर्ड' इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाए।
भारत के टॉप-3 स्पिनर (T20I विकेट्स)
- युजवेंद्र चहल - 80 मैच में 96 विकेट
- कुलदीप यादव - 54 मैच में 95 विकेट
- अक्षर पटेल - 93 मैच में 94 विकेट
सेमीफाइनल के 'सुपरमैन' रहे हैं अक्षर
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अक्षर पटेल ने दिखा दिया था कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट और बाउंड्री पर 3 सनसनीखेज कैच-अक्षर ने अकेले दम पर मैच का पासा पलट दिया था। इस टूर्नामेंट में वह अब तक 6 मैचों में 8 विकेट ले चुके हैं।
आज अहमदाबाद के खचाखच भरे स्टेडियम में जब अक्षर पटेल गेंद थामेंगे, तो उनके निशाने पर सिर्फ कीवी बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास का वो सुनहरा पन्ना भी होगा जिसे 'नंबर-1' कहा जाता है।
पिछले छह साल में भारत और न्यूज़ीलैंड का रिकॉर्ड
पिछले छह साल में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन अलग-अलग फॉर्मेट के ICC फाइनल खेले जा चुके हैं। इनमें 2021 का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी (ODI) फाइनल और अब 2026 का T20 वर्ल्ड कप फाइनल शामिल है। ICC टूर्नामेंट के फाइनल में फिलहाल न्यूज़ीलैंड का पलड़ा 2-1 से भारी है, क्योंकि उसने 2000 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 की WTC जीती थी, जबकि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत ने बाजी मारी थी।
T20 इंटरनेशनल में आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें तो भारत 18-11 से आगे है और एक मैच टाई रहा है। हालांकि T20 वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ 3-0 का है, जिसमें 2007 जोहान्सबर्ग, 2016 नागपुर और 2021 दुबई के मुकाबले शामिल हैं।
भारत चौथी बार T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है, जो किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा है। वहीं T20 वर्ल्ड कप इतिहास के नौ फाइनल में से छह बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। बाकी तीन में से दो फाइनल भारत ने जीते हैं-2007 और 2024-और दोनों मुकाबले आखिरी ओवर में खत्म हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications