13 रनों की पारी में भी शुबमन गिल के बल्ले से निकला नायाब रिकॉर्ड, बन गए विरले इंडियन ODI ओपनर
भारत के ओपनिंग बल्लेबाज शुबमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में सिर्फ 13 रन की पारी खेलने के बावजूद एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।
भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच खेले ओवल क्राइस्टचर्च में वनडे श्रृंखला का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है जहां पर कीवियों ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को 47.3 ओवर में 219 रन पर ऑल आउट कर दिया। भारतीय टीम की ओर से श्रेयस अय्यर ने 49 और वाशिंगटन सुंदर ने 51 रनों की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर ने अंतिम ओवरों में जिस तरीके से बल्लेबाजी की उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।

22 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हुए
इससे पहले भारत ने शिखर धवन और शुबमन गिल की ओपनिंग जोड़ी के साथ सधी हुई शुरुआत की थी लेकिन 8.4 ओवर में यह जोड़ी 39 रन बनाकर टूट गई क्योंकि शुबमन गिल 22 गेंद पर 13 रन बनाकर एडम मिल्ने की गेंद पर मिशेल सैंटनर द्वारा लपके गए। वैसे तो गिल वनडे में अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं हालांकि इस बार मुश्किल और घास से भरपूर पिच पर उनका सिक्का ज्यादा नहीं चल सका लेकिन वह ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिसने भारत की ओर से खेलते हुए सबसे तेज 500 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन एक ओपनर के तौर पर पूरे कर लिए हैं।

केवल 11 पारियां ली
गिल ने इसके लिए केवल 11 पारियां ली हैं और उन्होंने राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने भी 12 पारियों में यह कारनामा किया था। इसके बाद भारत के बल्लेबाज केएल राहुल का नाम आता है जिन्होंने 13 पारियों में ऐसा किया था। इस मुकाबले में भारत की कप्तानी कर रहे शिखर धवन भी 13 पारियों में सबसे तेज भारतीय वनडे ओपनर के तौर पर 500 बना चुके हैं। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने 14 पारियों में ऐसा किया था।

रोहित शर्मा ने 15 वनडे पारियों में यह काम किया
वहीं भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा ने 15 वनडे पारियों में यह काम किया था। हालांकि भारत को ताजा मुकाबले में ज्यादा सफलता नहीं मिली है। अब गेंदबाजी पर दारोमदार है क्योंकि यह उनके लिए सीरीज को बराबर करने का मौका भी है लेकिन देखना होगा कि बॉलर स्कोर डिफेंड कर पाएंगे या नहीं। इससे पहले भारत ने हार्दिक पांड्या की अगुवाई में कीवी टूर पर ही तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली थी जिसमें 1-0 से उनको कामयाबी मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications