IND Vs NZ: T20 वर्ल्ड कप से पहले ईशान किशन का बड़ा धमाका, 'बिहार के लाल' ने निकाला गेंदबाजों का कचूमर
IND Vs NZ 2nd T20I Ishan Kishan: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को चौके-छक्के की बरसात देखने को मिली। दूसरे टी20 मुकाबले में भले ही टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही, लेकिन ईशान किशन के बल्ले ने बड़ा धमाका किया। ईशान किशन की बल्लेबाजी ने न्यूज़ीलैंड के खेमे में खलबली मचा दी। ईशान किशन ने पावरप्ले में चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी।
ईशान किशन ने खेली विस्फोटक पारी (IND Vs NZ 2nd T20I Ishan Kishan)
209 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज 6 रन पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ईशान किशन ने नंबर-3 पर उतरकर 'काउंटर-अटैकिंग' क्रिकेट का बेहतरीन नमूना पेश किया। ईशान किशन ने आते ही अपनी मंशा साफ कर दी थी। उन्होंने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ सटीक प्रहार किए और मैदान के हर कोने में गैप तलाशने में सफलता हासिल की।

पावरप्ले में ही जड़ा अर्धशतक
अपनी वापसी के बाद दूसरा मैच खेल रहे ईशान किशन ने दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और मात्र 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सातवीं हाफ-सेंचुरी थी। पावरप्ले के भीतर ही अर्धशतक जड़कर उन्होंने भारत को मैच में वापस ला खड़ा किया। उनकी बल्लेबाजी में वह 'डायनामाइट' नजर आया, जिसकी तलाश भारतीय चयनकर्ता आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कर रहे हैं।
32 गेंदों में 76 रनों की पारी
ईशान किशन की यह पारी केवल आक्रामक ही नहीं, बल्कि काफी प्रभावी भी थी। उन्होंने आउट होने से पहले 32 गेंदों में 76 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। यानी उन्होंने अपनी पारी के 68 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए बटोरे। आखिरकार, कीवी स्पिनर ईश सोढ़ी ने उन्हें आउट कर इस तूफानी पारी का अंत किया, लेकिन तब तक ईशान भारत को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे।
मौजूदा समय में भारतीय टीम ओपनर अभिषेक शर्मा पर काफी निर्भर नजर आ रही है, लेकिन रायपुर में ईशान ने यह साबित किया कि यदि टॉप ऑर्डर फेल होता है, तो नंबर-3 पर वे किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने का माद्दा रखते हैं। वर्ल्ड कप से ठीक पहले इस तरह की पारी ने टीम मैनेजमेंट के सामने 'सिरदर्दी' बढ़ा दी है।












Click it and Unblock the Notifications