IND vs HKG: हांगकांग के खिलाफ रोहित शर्मा बना सकते हैं यह तीन बड़े रिकॉर्ड, जानें क्या
एशिया कप 2022 के अपने दूसरे मुकाबले में बुधवार को भारत का सामना हांगकांग से होगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
नई दिल्ली, 30 अगस्त: एशिया कप 2022 के अपने दूसरे मुकाबले में बुधवार को भारत का सामना हांगकांग से होगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में भारत की प्लेइंग 11 में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऋषभ पंत और आर अश्विन को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है। वहीं केएल राहुल और चहल बेंच पर बैठ सकते हैं। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

माही का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं
एशिया कप 2022 के अपने पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था। एशिया कप में रोहित शर्मा की बतौर कप्तान यह छठी जीत थी। रोहित से पहले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और पाकिस्तानी कप्तान मोईन खान ने बतौर कप्तान एशिया कप के इतिहास में लगातार छह जीत दर्ज की थीं। बुधवार को भारत अगर हांगकांग को हराता है तो रोहित शर्मा धोनी और मोईन को पछाड़ देंगे।

कोहली को पछाड़ने का मौका
हांगकांग के खिलाफ जीतते ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। उन्होंने बतौर कप्तान अब तक 36 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले है और 30 में जीत हासिल की है। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 50 टी20 इंटरनेशनल में भारत की कप्तानी की थी और 30 में जीत दर्ज की थी। ऐसे में बुधवार को अगर भारत हांगकांग को हराता है तो रोहित शर्मा जीत के मामले में विराट कोहली को पछाड़ देंगे। भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल जीतने वाले कप्तान एमएस धोनी हैं। माही ने बतौर कप्तान 72 टी20 मुकाबले खेले हैं और 41 में जीत हासिल की है।

रोहित रच सकते हैं इतिहास
एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में रविवार को भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 18 गेंदों पर 12 रन की पारी खेली थी। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। रोहित ने 133 टी20 इंटरनेशनल की 125 पारियों में 32.10 की औसत और 139.73 के स्ट्राइक रेट से 3499 रन बनाए हैं। हांगकांग के खिलाफ 1 रन बनाते ही वह टी20 इंटरनेशनल में 3500 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications