IND vs ENG: यशस्वी की यलगार, 49 साल पुराना रिकॉर्ड होगा पार, इतिहास रचने के लिए चलाएंगे तलवार
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में यशस्वी जायसवाल का बल्ला चमका और उन्होंने एक शानदार सैकड़ा जड़ते हुए टीम इंडिया के लिए शानदार काम किया। हालांकि भारत को उस टेस्ट मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन बैटिंग अच्छी रही।
एजबेस्टन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया जीत दर्ज करने का प्रयास करेगी लेकिन उसके लिए गेंदबाजों को अपना कार्य बखूबी करना पड़ेगा। भारतीय टीम के धाकड़ गेंदबाज बुमराह इस मैच में आराम ले सकते हैं। ऐसे में अन्य गेंदबाजों पर दबाव रहेगा।

इस बीच बैटिंग में जायसवाल एक बड़ा धमाका करने के बेहद करीब आ गए हैं। वह एक साथ चार प्लेयर्स को पछाड़ने के करीब तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जायसवाल छक्कों का एक नया कीर्तिमान हासिल करने वाले हैं और इससे वह महज दो शॉट ही दूर हैं।
जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 40 छक्के जमाए हैं, अगर वह दो छक्के और जड़ते हैं, तो यह संख्या 42 हो जाएगी। ऐसे में वह चार बल्लेबाजों को पीछे करते हुए आगे निकल जाएंगे। जायसवाल सर्वाधिक टेस्ट सिक्स के मामले में तमीम इकबाल, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, डैरेन ब्रावो और मार्क वॉ को पछाड़ देंगे।
IND vs ENG: पुराना रिकॉर्ड निशाने पर
छक्कों का यह कीर्तिमान उनके निशाने पर होने के अलावा 49 साल पुराना एक और रिकॉर्ड उनके सामने है। वह टेस्ट मैचों की संख्या के हिसाब से सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। सुनील गावस्कर ने 1976 में 23वें टेस्ट में यह कारनामा किया था। जायसवाल अभी 97 रन दूर हैं और वह 20 टेस्ट खेल चुके हैं। वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ने अपने 25वें टेस्ट में यह आंकड़ा हासिल किया।
IND vs ENG: दिग्गजों को पछाड़ने का मौका
सबसे कम पारियों के हिसाब से द्रविड़ और सहवाग दोनों आगे हैं। इन दोनों ने 40-40 पारियों का सहारा लिया था। जायसवाल ने 38 पारियां खेल ली है। अगर वह अगली पारी में 97 रन हासिल कर 2000 रन पूरे करते हैं, तो टॉप पर होंगे। अगर जायसवाल 2 पारियां खेलकर 2000 रनों का आंकड़ा हासिल करते हैं, तो द्रविड़ और सहवाग दोनों के बराबर आ जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications